कुनकुरी, 13 अप्रैल 2025 –
हॉली क्रॉस नर्सिंग कॉलेज कुनकुरी में धर्मांतरण के आरोपों को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सियासी और सामाजिक रंग ले चुका है। कॉलेज की एक गैर-ईसाई छात्रा द्वारा प्राचार्या सिस्टर बिंसी जोसेफ पर धर्मांतरण का दबाव बनाने और न मानने पर प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया गया था, जिसके बाद 10 अप्रैल को हिन्दू संगठनों ने कुनकुरी शहर में आक्रोश रैली निकाली थी।
इस पूरे मामले को एक ईसाई संगठन ने प्राचार्या को बदनाम करने की साजिश बताया है। ईसाई आदिवासी महासभा, छत्तीसगढ़ ने इसे धर्म आधारित षड्यंत्र करार देते हुए 14 अप्रैल को कुनकुरी में विशाल विरोध सभा और रैली आयोजित करने का ऐलान किया है।
ईसाई महासभा का आरोपिया प्राचार्या के पक्ष में बड़ा बयान
महासभा का कहना है कि संबंधित छात्रा की कक्षा में उपस्थिति 75% से कम थी और उसने दो प्रमुख विषयों की आंतरिक प्रैक्टिकल परीक्षाओं में भाग नहीं लिया था। इसके बावजूद वह प्राचार्या से अधूरे असाइनमेंट्स पर हस्ताक्षर कराने का दबाव बना रही थी। जब हस्ताक्षर नहीं किए गए, तो छात्रा ने कलेक्टर और एसपी को झूठी शिकायत देकर प्राचार्या को बदनाम करने की कोशिश की।
ईसाई महासभा ने आरोप लगाया है कि कुछ मीडिया चैनलों और संगठनों द्वारा झूठे आरोपों को बिना तथ्य के हवा दी जा रही है, जिससे एक ईमानदार प्राचार्या की छवि धूमिल की जा रही है।
कल 14 अप्रैल को महासभा का कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा:
1. अपराह्न 03 बजे से 04 बजे तक – विरोध सभा, स्थान: डीपाटोली, कुनकुरी
2. 04 बजे से 05 बजे तक – रैली: डीपाटोली से तहसील कार्यालय, कुनकुरी
3. 05 बजे – अनुविभागीय दंडाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा
ईसाई आदिवासी महासभा के प्रदेश महासचिव अभिनन्द खलखो ने ईसाई समुदाय के लोगों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में आकर सभा और जुलूस में शामिल हों।
तनाव के बीच प्रशासन अलर्ट
इस विवाद के चलते कुनकुरी में साम्प्रदायिक तनाव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन दोनों पक्षों की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।





















