जशपुर, 11 जून 2025:
कुनकुरी तहसील कार्यालय ने अवैध निर्माण कार्य पर सख्त रुख अपनाते हुए न्यायालय के आदेश के उल्लंघन पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। तहसीलदार कार्यालय से जारी पत्र क्रमांक 1350/वाचक-1/2025 के अनुसार, ग्राम संजीव जैन वगैरह विरुद्ध गंगा सिंह भूमि विवाद प्रकरण में न्यायालय द्वारा पूर्व में जारी आदेश के बावजूद संबंधित भूमि पर निर्माण कार्य किया गया है।
प्रकरण भूमि खसरा नंबर 215/2, 216 और रकबा 0.498 हेक्टेयर से संबंधित है, जिस पर न्यायालय ने 19 मई 2025 को निर्माण न करने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद, आवेदक द्वारा प्रस्तुत निवेदन में बताया गया है कि विरोधी पक्ष ने न्यायालय के आदेश का उल्लंघन करते हुए निर्माण कार्य शुरू कर दिया है।
तहसीलदार, कुनकुरी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उक्त निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाई जाए और न्यायालय के आदेश का पालन सुनिश्चित किया जाए। इस आदेश की प्रति थाना प्रभारी कुनकुरी को भी भेजी गई है ताकि पुलिस की निगरानी में कार्रवाई की जा सके।
थाना प्रभारी संतोष तिवारी ने न्यायालय के आदेश की पालना नहीं करने पर अनावेदक अमर सिंह पिता गंगा सिंह को निर्माण कार्य अगले आदेश तक बंद करने की सख्त समझाइश दी।जिस पर अनावेदक ने अपनी गलती मानी और काम बंद कर देने का वचन दिया।
यह मामला क्षेत्र में अवैध निर्माण और भूमि विवादों को लेकर प्रशासन की सक्रियता को दर्शाता है। प्रशासन द्वारा दी गई इस चेतावनी को जमीन पर प्रभावी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।



















