फरसाबहार, जशपुर,20 जून 2025 -=विकासखंड फरसाबहार के बाबूसाबहार से गोलीडीह नदी तक बनाई जा रही नई सड़क के निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि भारी बारिश के बीच भी गीली सतह पर डामर बिछाया जा रहा है, जिससे सड़क पर दरारें पड़ने लगी हैं। पीडब्ल्यूडी अधिकारी ने अधिक बारिश के कारण काम रोकने की जानकारी दी है।

करीब 3.82 करोड़ की लागत से बनाई जा रही इस सड़क का निर्माण कार्य एक निजी ठेकेदार द्वारा किया जा रहा है, जिसे पीडब्ल्यूडी द्वारा स्वीकृत किया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि इंजीनियर और ठेकेदार की मिलीभगत से कार्य में गुणवत्ता के मानकों की अनदेखी की जा रही है। ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
वहीं इस संबंध में पीडब्ल्यूडी पत्थलगांव के एसडीओ एस. पैंकरा ने बताया कि ठेकेदार को निर्धारित मापदंडों के अनुसार कार्य करने का निर्देश दिया गया है। जिस हिस्से में निर्माण की बात सामने आई है, वहां अभी पचास मीटर का सेकंड कोट वर्क बाकी है। अधिक बारिश की वजह से काम रोकने को कहा गया है, जिसे बरसात के बाद फिर से शुरू किया जाएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि एक जगह पाइप डला होने के कारण चार मीटर का कार्य नहीं हो पाया है।





















