छत्तीसगढ़ में धान की तस्करी रोकने के लिए जशपुर कलेक्टर ने बनाई विशेष रणनीति,बिचौलियों में हड़कंप

1002540664

जशपुर, 12 नवम्बर 2024 – खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के दौरान किसानों से धान खरीदी को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने विशेष तैयारी की है। 14 नवम्बर 2024 से 31 जनवरी 2025 तक समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जाएगी। इस अवधि में झारखंड और ओडिशा जैसे पड़ोसी राज्यों से अवैध धान परिवहन को रोकने हेतु जिला प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशानुसार जिले में 21 चेक पोस्ट बनाए गए हैं, जहां तीन पालियों में अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। जिले के विभिन्न चेक पोस्ट—बगुरकेला, सपघरा, करडेगा, कस्तुरा, मकरीबंधा, विपतपुर, सुखरापारा, लवाकेरा, गढ़वामुंडा, माटीपहाड़ छर्रा, सुंडरू, बनखेता, तालड़ा, पेरवाआरा, नामनी चौक, सागजोर, पीड़ी, साईटांगरटोली, डड़गांव, भलमण्डा और सकरडेगा—में 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी प्रकार का अवैध धान का परिवहन न हो सके। पिछले वर्षों में धान खरीदी के दौरान झारखंड और ओडिशा से कम कीमत पर धान खरीदकर इसे समर्थन मूल्य पर बेचने के कई मामले सामने आए थे। इस बार जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए इन गतिविधियों पर अंकुश लगाने का संकल्प लिया है। यह कदम किसानों के हितों की रक्षा और सरकारी राजस्व की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। किसान संगठनों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन की यह पहल न केवल धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाएगी, बल्कि जिले के किसानों के हितों को सुरक्षित करने में भी सहायक सिद्ध होगी।वहीं इस रणनीति से बिचौलियों की सारी योजनाओं पर पानी फिरता दिख रहा है।  

जनजातीय गौरव यात्रा का भव्य आयोजन 13 नवंबर को,कलेक्टर  ने समाज प्रमुखों के साथ  तैयारी को लेकर की बैठक

IMG 20241109 WA0028

जशपुर, 09 नवंबर 2024: भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में 13 नवंबर को जशपुर में जनजातीय गौरव यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस यात्रा का उद्देश्य जनजातीय संस्कृति को बढ़ावा देना, आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान और बलिदानों को स्मरण करना, और युवाओं को अपनी संस्कृति से जोड़ना है। इस विशेष अवसर के सफल आयोजन हेतु कलेक्टर रोहित व्यास की अध्यक्षता में शनिवार को जिला कार्यालय में समाज प्रमुखों की बैठक हुई। “यह आयोजन आदिवासी महापुरुषों के कार्यों और बलिदानों को सम्मान देने के साथ-साथ आदिवासी समाज के संरक्षण और प्रोत्साहन के उद्देश्य से किया जा रहा है। इस यात्रा से जनजातीय समुदाय के हितों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, जिसमें समाज प्रमुखों का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है।” – रोहित व्यास,कलेक्टर जशपुर बैठक में उरांव, गोंड, पहाड़ी कोरवा, खैरवार, मुंडा सहित अन्य जनजातीय समाज प्रमुखों के अलावा जशपुर के व्यापारी संघ, जैन समाज, स्वर्णकार समाज और अन्य समुदायों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। सभी ने एकमत होकर इस गौरव यात्रा के आयोजन को सफल बनाने के लिए अपने-अपने समाज से जुड़े सांस्कृतिक और परंपरागत कलाओं का प्रदर्शन करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर वरिष्ठ जनजातीय नागरिकों, स्वतंत्रता सेनानियों, विशेष पिछड़ी जनजातियों के विशिष्ट सदस्यों और जनजातीय विकास में योगदान करने वाले व्यक्तियों का सम्मान किया जाएगा। जनजातीय खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी इस आयोजन का हिस्सा होंगे। यात्रा का रूट: जनजातीय गौरव यात्रा पुरनानगर से शुरू होगी और विभिन्न मार्गों जैसे बालाछापर चौक, फॉरेस्ट डिपो, गम्हरिया चौक, हाउसिंग बोर्ड, बांकी नदी, जैन मंदिर, बिरसा मुंडा चौक, महाराजा चौक और बालाजी मंदिर से होते हुए रणजीता स्टेडियम तक जाएगी, जहां समापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस तैयारी बैठक में अपर कलेक्टर प्रदीप कुमार साहू, सीईओ जिला पंचायत रायगढ़ जितेंद्र यादव, एसडीएम जशपुर प्रशांत कुशवाहा सहित विभिन्न समाजों के प्रमुख मौजूद थे।  

जिले के विद्यार्थी साइंस एंड रिसर्च में आगे बढ़ सकते हैं – कलेक्टर व्यास,जशपुर विधायक रायमुनी ने अन्वेषण कार्यक्रम का किया उद्घाटन

IMG 20241108 WA0021

जशपुर,08 नवम्बर 2024 –  विधायक रायमुनि भगत ने संकल्प शिक्षण संस्थान में “अन्वेषण” कार्यक्रम का शुभारंभ किया, जो अंतरिक्ष विज्ञान में जिले के विद्यार्थियों को प्रेरित करने का अनूठा प्रयास है। इस अवसर पर उन्होंने एपीजे अब्दुल कलाम और कल्पना चावला का उदाहरण देते हुए कहा कि जिले के विद्यार्थी भी विज्ञान और अनुसंधान में करियर बना सकते हैं। कलेक्टर रोहित व्यास ने इस कार्यक्रम को विद्यार्थियों के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी की समझ बढ़ाने का अवसर बताते हुए स्पेस साइंस में करियर की संभावनाओं पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि “अन्वेषण” के तहत जिले के विद्यालयों में स्टार गेजिंग और खगोल विज्ञान की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। “अन्वेषण” के अंतर्गत 18 नवंबर से “अंतरिक्ष ज्ञान अभियान” भी शुरू होगा, जिसमें 45 हायर सेकेंडरी विद्यालयों के लगभग 12,000 विद्यार्थियों को चलित वैन के माध्यम से अंतरिक्ष की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा, जिले के आठ विकासखंड मुख्यालयों में 3डी-प्लेनेटोरियम शो का आयोजन किया जाएगा, जहां विद्यार्थी ग्रहों और तारों के बीच यात्रा का अद्भुत अनुभव कर सकेंगे। शुभारंभ कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के प्रभारी विश्वासराव मस्के, जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद भटनागर, संकल्प प्राचार्य विनोद गुप्ता और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।  

जिला प्रशासन-पहाड़ी बकरा-जशप्योर की कोशिश रंग लाई,देशभर से बाइकर्स जुटे

IMG 20241108 WA0001

जशपुर 08 नवम्बर 2024- प्रशासन और पहाड़ी बकरा और जशप्योर के सहयोग से जशपुर में पर्यटन एवं एडवेंचर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए आयोजित होने वाली बाइक यात्रा में दूर-दूर से लोग आकर्षित हो रहे हैं। जशपुर में 6 से 10 नवम्बर तक विभिन्न पर्यटन स्थल का यात्रा करेंगे पुणे से तुषार गोवर्धन और सागर तथा मुंबई से शुभम गंभीर के साथ-साथ ओडिशा से आकाश, उत्तम, उत्कर्ष और बंगाल से अमित घोष जैसे बाइकर्स ने वेबसाइट पर देशदेखा क्लाइंबिंग सेक्टर के बारे में पढ़ने के बाद इस खूबसूरत जगह की यात्रा करने के लिए प्रेरित हुए हैं और बिलासपुर से अपनी यात्रा शुरू कर दी है। पहला पड़ाव जशपुर बनाएंगे। यहां वे स्थानीय व्यंजनों का स्वाद चखेंगे और देशदेखा क्लाइंबिंग सेक्टर में रॉक क्लाइंबिंग का रोमांच अनुभव करेंगे। इसके बाद, यात्री पांड्रापाट में ऑफबीट कैंपिंग का आनंद लेने के लिए रवाना होंगे, और फिर मक्करभंजा जलप्रपात की यात्रा करेंगे। यात्रा के दौरान, वे स्वच्छ भारत अभियान को बढ़ावा देने के लिए कई स्थानों की सफाई भी करेंगे। जशपुर टूर के दौरान सभी पर्यटकों को जशप्योर के सेहतमंद एवं पौष्टिक उत्पाद जैसे की मिलेट कूकीज, पास्ता, लाडू एवं विभिन्न प्रकार की प्राकृतिक चायों के स्वाद से भी रूबरू कराया जायेगा ।पर्यटक महुआ सेंटर और मंथन फ़ूड लैब में जशपुर की आदिवासी महिलाओं से उनके अनुभव साझा करंगे | बातचीत करके बाइकर्स स्थानीय संस्कृति और जीवनशैली के बारे में अधिक जान पाएंगे। खासकर, तुषार जो खुद एक जैविक किसान भी हैं, वे स्थानीय आदिवासियों से जैविक खेती के तरीकों के बारे में सीखने के लिए उत्सुक हैं। इस तरह की पहल न केवल स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी फैलाएगी। बाइकर्स के इस साहसिक कार्यक्रम से जशपुर और आसपास के क्षेत्रों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। स्थानीय लोगों के लिए भी यह एक अवसर होगा कि वे अपने क्षेत्र की खूबसूरती को एक नए नजरिए से देखें। यह यात्रा जशपुर जिला प्रशासन के उन प्रयासों का एक उत्कृष्ट उदाहरण है, जिनके माध्यम से जिले को एक ऐसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है जहां पर्यावरण अनुकूल और स्थायी पर्यटन मॉडल को बढ़ावा दिया जाता है। यह यात्रा न केवल पर्यटकों को प्राकृतिक सौंदर्य का अनुभव करने का अवसर प्रदान करती है, बल्कि स्थानीय समुदायों के जीवन और संस्कृति से भी रूबरू कराती है। जशपुर जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे इन प्रयासों से न केवल जिले का विकास होगा बल्कि यह अन्य क्षेत्रों के लिए भी एक प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

कलेक्टर ने धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा बैठक ली

IMG 20241106 WA0024

जशपुर 06 नवम्बर 2024: आगामी धान खरीदी को लेकर कलेक्टर रोहित व्यास ने खाद्य अधिकारियों की बैठक में सभी उपार्जन केंद्रों में तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने समितियों में सीसीटीवी कैमरा लगवाने, पर्याप्त बारदाने की उपलब्धता और ट्रायल रन कराने के निर्देश दिए। किसानों को 5000 रुपये तक के भुगतान की सुविधा माईको एटीएम से देने के लिए कहा गया। बगीचा में बैंक की नई शाखा 15 दिन में शुरू होगी। साथ ही, अवैध धान पर रोक के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकपोस्ट स्थापित किए जाएंगे।  

जशपुर में राज्योत्सव: छत्तीसगढ़ के गौरवशाली अतीत और उज्ज्वल भविष्य की दिखेगी झलक,रंगारंग कार्यक्रम की तैयारी जोरों पर

IMG 20241104 WA0000

रणजीता स्टेडियम में 5 नवम्बर को जिला स्तरीय कार्यक्रम, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विकास प्रदर्शनी मुख्य आकर्षण जशपुर, 04 नवम्बर 2024 – छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में इस वर्ष जशपुर में राज्योत्सव 2024 के आयोजन की तैयारियां पूरे जोरों पर हैं। रणजीता स्टेडियम में 5 नवम्बर को आयोजित होने वाले इस एक दिवसीय समारोह में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विकास प्रदर्शनी का आयोजन होगा। इस आयोजन में क्षेत्रीय लोक कलाकारों द्वारा मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति की झलक दिखाई जाएगी, जिससे जशपुर के निवासियों के बीच खासा उत्साह है। राज्योत्सव का शुभारंभ शाम 5 बजे सांसद चिन्तामणी महाराज के मुख्य आतिथ्य में होगा। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के सभी विभागों द्वारा राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे। यह प्रदर्शनी जशपुर के विकास में उठाए गए महत्वपूर्ण कदमों और शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र होगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों द्वारा पारंपरिक छत्तीसगढ़ी नृत्य और गीतों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिनके माध्यम से छत्तीसगढ़ की धरोहर को पुनर्जीवित किया जाएगा। रंगारंग कार्यक्रम की शुरुआत शाम 5 बजे से होगी, जिसमें विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन के अधिकारी राज्योत्सव को यादगार बनाने के लिए पूरे परिसर की साज-सज्जा और आयोजन की अन्य तैयारियों में जुटे हुए हैं। राज्योत्सव के माध्यम से छत्तीसगढ़ के विकास, संस्कृति और गौरव को एक मंच पर प्रदर्शित करने का यह प्रयास जशपुर के लिए गर्व की बात है।    

कलेक्टर ने चिकित्सा अधिकारी को किया निलंबित, दोकडा पीएचसी के निरीक्षण में कलेक्टर को मिली खामियां,ग्रामीणों से की चर्चा

IMG 20241102 172141

जशपुर, 2 नवम्बर 2024 – कलेक्टर रोहित व्यास ने आज कांसाबेल विकासखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दोकड़ा का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सा सुविधाओं में अनियमितता और लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर ने चिकित्सा अधिकारी अनिल कुमार भगत को निलंबित करने के निर्देश जारी किए। उन्होंने समस्त स्वास्थ्य कर्मचारियों को समय पर उपस्थित होकर मरीजों की सेवा करने के सख्त निर्देश दिए हैं। निरीक्षण में कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर को व्यवस्थित और स्वच्छ बनाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्र के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं ताकि सुरक्षा व्यवस्था और कार्य में पारदर्शिता बनी रहे। साथ ही परिसर के सैप्टिक टैंक पर ढक्कन लगाने, पानी की समस्या का समाधान करने, और परिसर में पेड़-पौधे लगाने के निर्देश भी दिए। स्वास्थ्य केंद्र की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर ने दोकड़ा के सरपंच बलराम भगत और गांव के लोगों से आग्रह किया कि वे श्रमदान कर स्वास्थ्य केंद्र को साफ-सुथरा बनाने में योगदान दें। उन्होंने आगामी शनिवार तक गांव के लोगों को श्रमदान में भाग लेकर स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति सुधारने का आह्वान किया। जिसपर सरपँच बलराम भगत,पुरुषोत्तम सिंह,दिनेश चौधरी समेत उपस्थित लोगों ने श्रमदान करने की सहमति दी। कलेक्टर ने निर्देश दिया कि स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले सभी मरीजों को मैन्यू चार्ट के अनुसार भोजन उपलब्ध कराया जाए और चार्ट को स्वास्थ्य केंद्र में प्रदर्शित किया जाए। इसके अतिरिक्त, स्वास्थ्य केंद्र में दवा वितरण, पुरुष और महिला वार्ड, प्रयोगशाला और शौचालय की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होंने चौकीदार और फार्मेसिस्ट की नियुक्ति करने की भी सिफारिश की ताकि मरीजों की देखभाल में कोई कमी न रहे। संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान देते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में घर पर प्रसव न हो। कलेक्टर ने आसपास के तीन स्वास्थ्य केंद्रों, बगिया, बटाईकेला और दोकड़ा, का नियमित भ्रमण करने के भी निर्देश दिए ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हो सके। गांववालों की मांग पर कलेक्टर ने दोकड़ा में पोस्टमार्टम सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा, सभी ग्रामीणों के आयुष्मान कार्ड बनवाने और स्वास्थ्य विभाग की सभी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।।  

कलेक्टर ने राज्य स्थापना दिवस पर ‘एक दिया छत्तीसगढ़ के नाम’ की अपील की, कहा – ये हमारी परंपरा और पहचान का प्रतीक

1002540664

जशपुर, 30 अक्टूबर 2024। आगामी छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस अवसर पर जिला मुख्यालय सहित जिले के सभी प्रमुख नगरों में दीप प्रज्जवलन किया जाएगा। जिला कलेक्टर  रोहित व्यास ने एक विशेष संदेश में सभी नागरिकों से अपील की है कि वे भी 1 नवंबर की शाम को अपने घरों में दीप जलाएं और राज्य की गौरवशाली परंपरा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने बताया कि दीप प्रज्जवलन का आयोजन केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि एकता, समर्पण, और राज्य की संस्कृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दीप जलाने से न केवल घर-आंगन रोशन होते हैं, बल्कि यह राज्य के प्रति नागरिकों की भावनाओं और जुड़ाव को भी दर्शाता है। उनका मानना है कि इस प्रतीकात्मक पहल से हर नागरिक अपनी मिट्टी से जुड़ेगा और इस खास दिन का महत्व हर घर में महसूस किया जाएगा। कलेक्टर ने कहा, “छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस का दिन केवल एक तारीख नहीं, बल्कि हमारे राज्य की सांस्कृतिक धरोहर और उसकी आत्मा का हिस्सा है। यह दिन हमें अपने राज्य की ऐतिहासिक यात्रा और उसकी संघर्षपूर्ण उपलब्धियों की याद दिलाता है। दीप प्रज्जवलन के माध्यम से हम न केवल अपने राज्य के लिए सम्मान जताते हैं, बल्कि अपनी नई पीढ़ी को भी इस विशेष परंपरा से जोड़ते हैं।” दीप जलाने की अपील में नागरिकों से राज्य के प्रति अपने योगदान और प्यार को दर्शाने का आग्रह किया गया है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को राज्य के इतिहास, संस्कृति, और परंपराओं के प्रति जागरूक करना और नई पीढ़ी को इसकी महत्ता समझाना है।

कलेक्टर रोहित व्यास ने किया नगर भ्रमण, शहर में स्वच्छता और रौशनी की व्यवस्था में सुधार के लिए दिए दिशानिर्देश

1002539202

जशपुर, 30 अक्टूबर 2024: जिला कलेक्टर  रोहित व्यास ने आज सुबह नगर का भ्रमण कर जशपुर नगर पालिका क्षेत्र में स्वच्छता और रौशनी व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कई सुधारात्मक निर्देश जारी किए, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था और रात्रि के समय रोशनी की स्थिति बेहतर हो सके। कलेक्टर ने नगर पालिका अधिकारी को नियमित रूप से सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर बंद पड़ी 16 स्ट्रीट लाइट्स को शीघ्र ठीक कराने के लिए कहा, ताकि लोगों का रात्रि में आवागमन सुरक्षित रहे। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अंधेरा दुर्घटनाओं और असुविधा का कारण बन सकता है, इसलिए रोशनी की व्यवस्था अनिवार्य है। श्री व्यास ने निर्देश दिया कि नगर के प्रत्येक चौराहे पर गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखे जाएं। इसके अलावा, दुकानदारों को भी अपने आस-पास के कचरे को निर्धारित डस्टबिन में डालने की अपील की है, ताकि स्वच्छता बनाए रखी जा सके। नगर के बाल उद्यान का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने वहाँ पेयजल व्यवस्था और शौचालय की मरम्मत के निर्देश दिए। नगर पालिका अधिकारी योगेश्वर उपाध्याय ने बताया कि बाल उद्यान में एक नया शौचालय निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है, जिसे शीघ्र आरंभ किया जाएगा। शहर की स्वच्छता में स्व-सहायता समूह की महिलाओं की सक्रिय भूमिका को सराहते हुए कलेक्टर ने एसएलआरएम (सॉलिड लिक्विड रिसोर्स मैनेजमेंट) केंद्र का निरीक्षण किया। हरित जशपुर क्षेत्र समिति के माध्यम से, महिलाओं द्वारा कचरे से बने हस्तशिल्प जैसे पायदान, झूमर, टोकरी और अन्य सजावटी सामान का उत्पादन हो रहा है, जिससे उन्हें आय का एक अतिरिक्त स्रोत प्राप्त हो रहा है। कलेक्टर श्री व्यास की इस पहल से जशपुर शहर की स्वच्छता और जनसुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद बढ़ गई है।  

कलेक्टर का जिला अस्पताल निरीक्षण: स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार पर जोर,धनतेरस पर गायब मिले डॉक्टर-कर्मचारी,काट दिए वेतन

1002536599

जशपुर, 29 अक्टूबर 2024 – नवपदस्थ कलेक्टर रोहित व्यास ने आज जिला चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण किया, जो तीन घंटे तक चला। उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की गहन समीक्षा की और सुधार के कई निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अनुपस्थित डॉक्टरों और कर्मचारियों को शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और बिना पूर्व सूचना के गैरहाजिर स्टाफ का एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया। उन्होंने मातृत्व और शिशु अस्पताल में दवाई वितरण के लिए अलग काउंटर खोलने की घोषणा की, जिससे मरीजों को जल्दी दवाइयां मिल सकें। कलेक्टर ने मरीजों को मैन्यू के अनुसार पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया। अस्पताल के विभिन्न विभागों, जैसे हमर लैब, ओपीडी, आईसीयू, और सोनोग्राफी सेंटर का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और शौचालयों की मरम्मत के आदेश दिए। उन्होंने डॉक्टरों की उपस्थिति और काम की निगरानी के लिए एक डिजिटल प्रणाली विकसित करने का सुझाव दिया। कलेक्टर ने अस्पताल परिसर की सुरक्षा का भी जायजा लिया और सुरक्षा के इंतजाम मजबूत करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत की और आयुष्मान कार्ड सहित स्वास्थ्य योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली।