कुनकुरी में यूडी मिंज के विवादित पोस्ट पर गरमाया माहौल, भाजपा ने किया विरोध प्रदर्शन, गिरफ्तारी की मांग

जशपुर(कुनकुरी) 28 अप्रैल,2025 –
कांग्रेस के पूर्व विधायक यूडी मिंज द्वारा फेसबुक पर किए गए आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर आज कुनकुरी में माहौल गरमा गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में सड़क पर उतरकर विरोध जताया और थाना पहुंचकर उनकी गिरफ्तारी की मांग की।

IMG 20250428 21373107

भाजपा के मंडल अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में युवराज आदित्य सिंह जूदेव, यशप्रताप सिंह जूदेव, शौर्य प्रताप सिंह जूदेव समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर यूडी मिंज के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शनकारी ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ और ‘यूडी मिंज को गिरफ्तार करो’ जैसे नारों के साथ कुनकुरी बस स्टैंड पहुंचे, जहां पूर्व विधायक यूडी मिंज और पाकिस्तान का एक ही पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया।

IMG 20250428 21381441

भाजपा ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए यूडी मिंज के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की।

बता दें कि हाल ही में पहलगाम में हुई घटना के बाद पूरे देश में पाकिस्तान के खिलाफ आक्रोश है। ऐसे समय में यूडी मिंज के फेसबुक पोस्ट, जिसमें पाकिस्तान के समर्थन और युद्ध में उसकी जीत का दावा किया गया था, ने लोगों की भावनाओं को आहत किया है।

हालांकि, यूडी मिंज ने सफाई देते हुए कहा है कि उनका फेसबुक अकाउंट हैक हो गया था और वह इस संबंध में सार्वजनिक जानकारी भी दे चुके हैं। लेकिन भाजपा नेताओं ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि मेटा वेरिफाइड अकाउंट आसानी से हैक नहीं होता, यह सब सोची-समझी साजिश का हिस्सा है।

फिलहाल पूरे प्रकरण को लेकर कुनकुरी का राजनीतिक माहौल गर्म है।