जशपुर में बाढ़ का कहर: ईब नदी में तीन मछुआरे फंसे, SDRF की रेस्क्यू टीम तैनात, अंधेरे ने बढ़ाई मुश्किलें

जिले के नदी-नालों में उफान, मनोरा में ट्रैक्टर समेत चालक भी फंसा

IMG 20250619 WA0081

जशपुर, 19 जून 2025:
जशपुर जिले में मानसून की जोरदार दस्तक के साथ ही जनजीवन अस्त-व्यस्त होता जा रहा है। जिले में भारी बारिश का सिलसिला लगातार तीसरे दिन भी जारी है, जिससे नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच एक बड़ी खबर सामने आई है—दोकड़ा पुलिस चौकी अंतर्गत डोढ़ीबहार गांव के पास ईब नदी में तीन मछुआरे बाढ़ में फंस गए हैं।

तीनों मछुआरे मछली पकड़ने नदी के बीच चट्टानों पर पहुंचे थे, तभी अचानक जलस्तर तेजी से बढ़ गया और वे चारों ओर से पानी से घिर गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। वहीं, एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है, लेकिन तेज बहाव और बढ़ते अंधेरे के कारण बचाव कार्य में मुश्किलें आ रही हैं।

मौके पर मौजूद एसडीएम नंदजी पांडे ने बताया कि तीनों मछुआरे फिलहाल नदी के बीच एक बड़ी चट्टान पर फंसे हुए हैं। पानी का बहाव बेहद तेज है, जिससे स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है। रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर जारी है और प्रशासन उन्हें सुरक्षित निकालने का हर संभव प्रयास कर रहा है।

उधर, मनोरा पुलिस चौकी क्षेत्र में भी एक एनीकट पार करते वक्त एक ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर समेत बाढ़ में फंस गया है। प्रशासन की टीम वहां भी मौके पर मौजूद है।

 

IMG 20250619 203304
Oplus_0

जिले भर में नदी-नालों के उफान पर होने से आमजन को सचेत रहने की अपील की गई है। प्रशासन ने लोगों से आग्रह किया है कि वे बिना आवश्यकता नदी-नालों को पार न करें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

यह घटना न सिर्फ बाढ़ की गंभीरता को दर्शाती है बल्कि आपदा प्रबंधन की तत्परता की भी परीक्षा बन गई है। अब सभी की निगाहें ईब नदी में फंसे मछुआरों की सलामती और रेस्क्यू ऑपरेशन की सफलता पर टिकी हैं।