भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता ने मतदाताओं का किया आभार व्यक्त, अपने कार्यकर्ताओं को लेकर कह दी बड़ी बात…

IMG 20240508 WA0008

जशपुर – लोकसभा 2024 के तीसरे चरण की वोटिंग मंगलवार की शाम समाप्त हो गई। रायगढ़ लोकसभा का मतदान भी इसी चरण में था और जशपुर जिला रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत ही आता है। जशपुर भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता ने मतदान समाप्ति के बाद सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं की भी सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया है। इसके अलावा शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए ड्यूटी में लगे अधिकारी, कर्मचारियों का भी आभार माना है। तीसरे चरण के साथ ही राज्य के सभी 11 लोकसभा सीटों पर मतदान पूरा हो गया है। श्री गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदाताओं ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया और भीषण गर्मी में अपने घरों से निकलकर मतदान केन्द्रों तक आये और मतदान किया। भाजपा सभी मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा के हर कार्यकर्ता ने धूप और गर्मी की परवाह न करते हुए चुनाव में समर्पित भाव से काम किया। भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और ऐसे ही निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं।

लोकतंत्र का महापर्व वनांचल में पूरे उत्साह से मनाया गया,महिला मतदाताओं ने खूब ली सेल्फी

IMG 20240507 WA0042

जशपुर – लोकसभा निर्वाचन 2024 में मतदान सुचारू रूप से सम्पन्न हो चुका है। मतदाताओं में मतदान के प्रति सुबह 5 बजे से ही भारी उत्साह दिखाई दिया। जिले के सभी मतदान केंद्रों में शांतिपूर्ण माहौल बना हुआ था। मतदान केंद्रों में सुबह से ही मतदाताओं की भारी भीड़ उमड़ी और लंबी-लंबी लाइनें लगने लगी। मतदान केन्द्रों में निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सभी मतदान केन्द्रों में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान हुआ। मतदान केंद्र बुमतेल और फतेहपुर मतदान केंद्र में भारी उत्साह के साथ महिला व पुरुषों ने अपना मतदान किया।पँचायत सचिव  नईम खान ने बताया कि 1271 कुल मतदाता थे जिसमें 928 मतदान हुआ है। मतदान केंद्र के सेल्फी जोन में महिलाओं ने खूब सेल्फी ली।मतदान केंद्र के पास गर्मी में प्यासे मतदाताओं के लिए गुड़,नींबू पानी की भी विशेष व्यवस्था की गई थी। पूरे मतदान में मौसम ने भी साथ दिया हालांकि कई जगह अच्छी बारिश भी हुई जिसके कारण मतदाताओं को थोड़ी देर रुकना पड़ा।गांवों में महतारी वंदन योजना का असर रहा कि महिला मतदाताओं ने घरों से निकलकर मतदान किया और फोन करके अन्य परिचित मतदाताओं को बूथ में आने के लिए प्रेरित भी किया।

 महतारी के भरोसे भाजपा कर रही जीत का दावा,प्रचार के मैदान में अकेले दिख रही भाजपा

rps20240505 205539

जशपुर – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने 50 हजार पार का नारा देकर कुनकुरी विधानसभा से राधेश्याम राठिया को लोकसभा भेजने के लिए महतारी वंदन लाभार्थी सम्मेलन में लोगों को संकल्प दिलाया।इसी के साथ जशपुर विधानसभा में भी कृष्ण कुमार राय की अगुवाई में धुँवाधार प्रचार हुआ। प्रचार के अंतिम दिन तक रायगढ़ लोकसभा सीट पर भाजपा के कार्यकर्ता से लेकर बड़े नेता मैदान में डटे रहे।जशपुर जिले में भाजपा ने महतारी वंदन लाभार्थी सम्मेलन के जरिये हर परिवार को मोदी का परिवार बनाने की पुरजोर कोशिश की है। कुनकुरी शहर के तपकरा रोड में सीएम मैडम कौशल्या साय ने जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना की इस महीने की किश्त भी पहुंच गई है।सीएम साहब के आदेश से ही मैं आप लोगों के बीच काम कर रही हूँ।उन्होंने समरसता का संदेश देते हुए बताया कि ये भारत देश है जहां सभी जाति-धर्म के लोग बहुत अच्छे से रह रहे हैं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी धर्मों के साथ विश्वास बढाते हुए सभी का विकास कर रहे हैं।महतारी सभा में उन्होंने कहा कि रामराज्य में आप सभी रामलला का दर्शन करने अयोध्या जाना है।अभी मथुरा भी बाकी है।इसके बाद मैडम सीएम ने रोड शो किया और भाजपा के पक्ष में वोट देने की अपील की। वहीं लोकसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन जशपुर शहर के बस स्टेण्ड एवं मनोरा और बगीचा में भी महतारी वंदन लाभार्थी सम्मेलन का आयोजन किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता और बिलासपुर संभाग के सह कलस्टर प्रभारी कृष्ण कुमार राय ने सीधा कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होनें पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की महत्वाकांक्षी नरवा,गरूआ,घुरूवा और बाड़ी योजना पर हमला करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस योजना की आड़ में छत्तीसगढ़वासियों को ठगने का काम किया है। योजना में किये गए दावे हकीकत की जमीन से कोसो दूर रहे। ग्रामीणों के घर में ना तो बाड़ी बने और ना ही लाखों रूपये खर्च करके बनाए गए गौठानों में मवेशियों का चारा पानी। उन्होनें कहा कि छत्तीसगढ़ का निर्माण पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी बाजपेयी ने किया था। अब इसे विकसीत राज्य बनाने का काम मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की नेतृत्व वाली भाजपा सरकार करेगी। सम्मेलन को संबोधित करते हुए जशपुर की विधायक रायमुनि भगत ने कहा कि महिलाओं का सम्मान और उनकी आर्थिक सशक्तीकरण का काम सिर्फ भाजपा ही करती है। भाजपा के पूर्व संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में महिला आरक्षण देने का काम,डा रमन सिंह के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने दिया था। अब केन्द्र सरकार ने लोकसभा और विधानसभाओं में महिला आरक्षण देने का कानून पास कर दिया है। आने वाले चुनावों में इसका लाभ मिलेगा। लेकिन,कांग्रेस ने सत्ता मे रहने के बाद भी महिला आरक्षण कानून बनाने के लिए गंभीरता से प्रयास नहीं किया।

चुनाव प्रचार में भाजपा नेताओं का जनसम्पर्क हुआ तेज,रणनीतिकार कृष्णा राय ने जीत का आंकड़ा बढ़ाने के लिए दिया यह मंत्र

IMG 20240504 WA0016

जशपुर – लोकसभा चुनाव के लिए निर्धारित प्रचार अभियान के अंतिम दिन से पहले भारतीय जनता पार्टी ने जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार अभियान के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी के पूर्व प्रदेश संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह,पूर्व सांसद रणविजय सिंह जूदेव,बिलासपुर संभाग के सह कलस्टर प्रभारी कृष्ण कुमार राय,विधायक रायमुनि भगत,विधानसभा संयोजक ओमप्रकाश सिन्हा ने जशपुर विधानसभा क्षेत्र के सोनक्यारी,सन्ना,पंडरापाठ में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन और महतारी लाभार्थी सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान भाजपा के पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं के साथ प्रचार अभियान के अंतिम दिन,रविवार 5 जून और इसके बाद घर घर जा कर,मतदाताओं से संपर्क करने की रणनीति पर विचार किया। सह कलस्टर प्रभारी कृष्ण कुमार राय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा – आने वाले तीन दिन,लोकसभा चुनाव में बड़े अंतर से जीत हासिल करने के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। उन्होनें कहा कि रविवार को प्रचार अभियान का अंतिम दिन है। इस दिन का हम सबकों अधिकतम उपयोग करना है। इसके बाद,अगले दो दिन आदर्श आचरण संहिता का पालन करते हुए,घर घर जा कर मतदाताओं से संपर्क करना है। पूर्व संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्टी के लिए खूब पसीना बहाया है। बचे हुए अंतिम तीन दिन में हमे पार्टी की जीत का अंतराल बढाने के लिए काम करना है। जशपुर की विधायक रायमुनि भगत ने महुआ में आयोजित महतारी लाभार्थी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा जो कहती है,उसे पूरा करके दिखाती है। विधानसभा चुनाव के दौरान मोदी की गारंटी के तहत किये गए 80 प्रतिशत वायदे पूरा कर दिया गया है। जो बचे हुए है,उसे भी जल्द पूरा कर दिया जाएगा। उन्होनें कहा कि महतारी वंदन योजना इसका जीवंत उदाहरण है। लाभार्थियों के खाते में इस योजना की तीन किश्त की राशि आ चुकी है। यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। उक्त जानकारी देते हुए जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला महामंत्री मुकेश शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष शांति भगत, गोपाल राय, युवराज यशप्रताप सिंह जूदेव, डीडीसी रीना बरला, सत्येन्द्र सिंह, आलोक राय, सुनिल सोनी, विजय सोनी, कृपा शंकर भगत, नसरुल्लाह सिद्दीकी, प्रभाकर यादव, मंगल राम, हरिशंकर यादव, त्रिवेणी यादव, रामनारायण यादव, काजल राय, बलवंत गुप्ता, गुड्डू सिद्दीकी, मोहम्मद इलियास, बलवंत गुप्ता, सोहन राम, देवलाल भगत, जुगनू यादव, काजल राय,नरेंद्र लकड़ा, रामस्वरूप यादव, शिवशंकर गुप्ता सहित भाजपा पदाधिकारी सहित बूथ प्रभारी उपस्थित थे।

7 मई को पोलिंग बूथ में वोट डालने जरूर जाएं लेकिन उसके साथ बिल्कुल न जाएं

IMG 20240421 WA0025

जशपुर – 7 मई को रायगढ़ लोकसभा में मतदाता लोकतंत्र का महापर्व वोट देकर मनाने जा रहे हैं। पोलिंग बूथ में इस महापर्व को शांतिपूर्वक,पूरी गोपनीयता के साथ मनाने के लिए आपको मोबाईल लेकर नहीं जाना है। दरअसल, भारत निर्वाचन आयोग का स्पष्ट निर्देश है कि मतदान के दिन कोई भी मतदाता मोबाइल लेकर मतदान केंद्र में प्रवेश न कर सके। इसके लिए सभी पोलिंग बूथों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी। मतदान केंद्र पर मोबाइल पकड़े जाने पर सुरक्षाकर्मी उसे जब्त कर सकेंगे,या वहा उपस्थित बीएलओ या मतदान कर्मी उसे बाहर ही स्विच ऑफ कर के जमा कराएंगे,जिसकी जिम्मेदारी मतदाता की भी होगी।असुविधा से बचने के लिए बेहतर है कि मतदान केंद्र पर मोबाइल लेकर न जाएं ।क्योंकि मतदान केंद्र के भीतर किसी भी तरह से फोन या कैमरे के उपयोग से मतदान की गोपनीयता भंग होती है ।जो स्पष्ट रूप से लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 128 का उल्लंघन है।जिसमे अधिनियम के तहत निर्धारित सजा का भी प्रावधान है। नियमों का उल्लंघन करने पर एफआईआर की कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि बीते कई चुनावों में इस तरह की खबरें आई कि कई मतदाताओं ने पोलिंग बूथ में वोटिंग करते समय अपनी निष्ठा जताने या अन्य किसी स्वार्थ सिद्धि के लिए ईवीएम की फोटो ली।इससे भारत निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रणाली में सेंध माना और मतदाताओं को ऐसा करने से रोकने के लिए मोबाइल को ही प्रतिबंधित कर दिया। लोकतंत्र के इस महापर्व पर  ख़बर JANपक्ष  सभी  पाठक मतदाताओं  से अपील करता है कि शत प्रतिशत मतदान करने के लिए 7 मई को पहले मतदान फिर जलपान करें।मतदान के नियमों का उल्लंघन ना करें।

रायगढ़ राजमहल के राजा राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह का धुआंधार दौरा,दुलदुला-कुनकुरी मंडल की नुक्कड़ सभा,कहा – मतदाता 7 को देंगे मोदी का साथ

IMG 20240504 WA0007

जशपुर – राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार को रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के अन्तर्गत कुनकुरी विधानसभा के फरसाबहार व दुलदुला ब्लॉक के दर्जनों ग्रामों में जनसभा की।उन्होंने भाजपा प्रत्याशी राधेश्याम राठिया को सांसद बनाकर नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का आव्हान किया। राज्यसभा सांसद श्री सिंह ने कहा कि, रायगढ़ लोकसभा को राधेश्याम राठिया के रूप में दमदार प्रत्याशी मिला है। लोकसभा चुनाव में जीताने की हम सब की जिम्मेदारी है। ये कोई साधारण चुनाव नहीं है। पीएम मोदी गरीब मां का बेटा है। प्रधानमंत्री ने गांव, गरीब, किसान और महिलाओं के लिए काम किया है। अब आप लोगों की बारी है। काम करने वालों को जिताना है। राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार की सुबह से लेकर देर रात तक मैराथन प्रचार कर कुनकुरी विधानसभा के दर्जनों गांवों में मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में वोट देने की अपील की है।दुलदुला मंडल के सरसबहार गांव में ग्रामीणों ने नुक्कड़ सभा में कहा कि मोदी ने हमको पक्का मकान दिया, चावल दिया, नल से घर-घर पानी पहुंचाया, हम उनको हमेशा जिताएंगे। सांसद श्री सिंह ने कहा कि साय सरकार महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए दे रही है। आज तक किसी सरकार ने आपको पैसा नहीं दिया है। आपने समृद्धि के प्रतीक कमल फूल को जिताया है, इसलिए पैसा मिल रहा है। ये एक हजार रुपए मिलता रहे, इसलिए 7 मई को कमल फूल में बटन दबाना है। अबकी बार तीसरी बार मोदी की सरकार बनाना है। आमसभा में उपस्थित बुजुर्गों को बताया कि, 70 साल के ऊपर के बुजुर्गों से फॉर्म भरवाया जाएगा। फिर 5 लाख रुपए तक मुफ्त में इलाज होगा। बीमार पड़ने पर इलाज की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। महतारी वंदन योजना के पैसे से हमारी माताएं-बहनें और बहुओं का घर में मान बढ़ है। दो साल का धान का बकाया बोनस दिया और 3100 रुपए में धान की खरीदी की गई। उन्होने आगे कहा कि गांवों में बिजली, सड़क, पानी की समस्या का समाधान करना है। क्षेत्र के बेटा राधेश्याम राठिया को सांसद बनाना है। दिल्ली में आपका बेटा पहुंचेगा तो विकास तेज गति से होगा। मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर बनवाया है। श्री रामलला योजना के तहत साय सरकार अयोध्या की निशुल्क यात्रा करा रही है,चुनाव के बाद आप सभी को ट्रेन से यात्रा कराई जाएगी।

रिटायर्ड पुलिस कांस्टेबल को अज्ञात लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला, हत्या की खबर से फैली सनसनी,थाना प्रभारी मल्लिका तिवारी घटना की जांच में जुटी

rps20240426 114012

जशपुर – कुनकुरी थाना क्षेत्र के हर्राडांड गांव में एक रिटायर्ड पुलिस कांस्टेबल प्रभात टोप्पो की हत्या की खबर आई है।घटना बीती रात की बताई जा रही है।मौके पर पुलिस पहुंच गई है और पंचनामा कार्रवाई कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए रवाना की है। हत्या की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।ग्रामीण सूत्र के मुताबिक बीती रात हर्राडांड  चौक से 200 मीटर कलिबा रोड पर स्थित मकान में बीती रात अज्ञात लोगों ने धावा बोला और घर में मौजूद प्रभात टोप्पो पिता पास्कल टोप्पो उम्र 49 वर्ष की पीट-पीटकर हत्या कर दी।मृतक की पत्नी से पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों को लेकर जानकारी ले रही है। थाना प्रभारी मल्लिका तिवारी ने फोन पर घटना की पुष्टि की है।उन्होंने बताया कि मृतक की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।हत्या के कारणों की जांच की जा रही है।फिलहाल इस बारे में ज्यादा कुछ कह नहीं सकती।

पुलिस प्रेक्षक ने स्ट्रांग रूम एवं मतगणना स्थल का निरीक्षण किया सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली आवश्यक दिशा निर्देश दिए

IMG 20240421 WA0027

जशपुर, 21 अपै्रल 2024/भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा क्षेत्र क्रमांक 2 रायगढ़ के लिए नियुक्त किए गए पुलिस प्रेक्षक मुख्तार मोहसिन ने आज शासकीय उच्चतर माध्यमिक मॉडल स्कूल डोडकाचौरा में बनाए गए स्ट्रांग रूम तथा मतगणना  स्थल का निरीक्षण किया।वहीं लोकसभा आम निर्वाचन से जुड़े तैयारियों का जायजा भी लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम, मतगणना कक्ष एवं सुरक्षा मानकों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम का निरीक्षण किया एवं सुरक्षा संबंधी जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने बताया की तीनो विधान सभा के लिए बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम के सामने एवं कॉरिडोर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है। इसके साथ सिक्योरिटी हेतु फोर्स तैनात किया गया है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, कंट्रोल रूम, बिजली, पानी, सीसीटीवी, बैरिकेट्स, फायर ब्रिगेड सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा सीसीटीवी के एंगल का अवलोकन किया और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक  शशि मोहन सिंह, अपर कलेक्टर् आई एल ठाकुर, एसडीएम प्रशांत कुशवाहा, पुलिस विभाग के आला अधिकारी एवं निर्वाचन शाखा के कर्मचारी उपस्थित थे।

महावीर जयंती पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी बधाई,णमोकार युवा मंडल ने राहगीरों को शर्बत पिलाकर दिया अहिंसा का संदेश,नपं सीएमओ ने मांस की बिक्री बंद कराई

IMG 20240421 12291825

Jashpur – भगवान महावीर स्वामी की जयंती पूरे देश में मनाई जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को महावीर जयंती की बधाई दी है।कुनकुरी शहर के चौक-चैराहों पर जैन धर्मानुयायी लोगों को शर्बत पिलाकर शाकाहार अपनाने की अपील कर रहे हैं। महावीर जयंती के पुण्यदिवस पर जशपुर,कुनकुरी और बगीचा शहर में लोगों तक महावीर स्वामी के शुभ सन्देश पहुंचाने के लिए कई सारे आयोजन कर रहे हैं। उन्हें भीषण गर्मी में राहत की शर्बत पिला रहे हैं।णमोकार युवा मंडल के अध्यक्ष अंशुल रारा ने बताया कि आज दिन भर लोगों की सेवा करते हुए महावीर स्वामी का स्मरण कर उनके विचारों को जन जन तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। शाम 4 बजे जैन मंदिर से महावीर स्वामी की भव्य शोभायात्रा निकालते हुए अहिंसा परमोधर्म: , शाकाहार अपनाने का सन्देश देंगे।राहगीरों को शर्बत पिलाने में निपेन्द्र जैन, रवि जैन, मुकेश जैन,मोनू-सोनू रारा,आलोक रारा,रमनजैन,शोभित जैन,कौशल  रारा,नेहिल,समंत,कुशाल समेत अनेक जैन धर्मानुयायी सक्रिय रहे।

मानव तस्करों की कैद से तीन नाबालिग बच्चों को सकुशल छुड़ाया,एसपी शशिमोहन सिंह की मॉनिटरिंग हुई सफल,एमपी में अन्य आरोपियों की धरपकड़ में टीम जुटी

IMG 20240420 164024 scaled

जशपुर – एसपी शशिमोहन सिंह ने नाबालिग बच्चों की मानव-तस्करी करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया है।इस मामले में आरोपिया रिश्तेदार ने तीन अनाथ बच्चों को सब्जबाग दिखाकर अपने रैकेट के जरिये मध्यप्रदेश के छतरपुर तक भेज दी।इस घटना से अंदाजा लगाया जा सकता है कि मानव तस्कर अभी भी जिले में सक्रिय हैं।पुलिस की टीम इन रैकेट में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी है। दरअसल, 65 वर्षीय प्रार्थी ने दिनांक 18.04.2024 को पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसके नाती का करीब 07-08 वर्ष पूर्व एक्सीडेंट होने से मृत्यू हो गई जिसके बाद नाती की पत्नी ने दूसरी जगह शादी कर घर बसा ली। प्रार्थी के नाती के 03 बच्चे हैं, सबसे बड़ी लड़की उम्र 14 साल, मंझली लड़की 12 साल एवं सबसे छोटा लड़का जो 10 साल का है।  उक्त तीनों बच्चे प्रार्थी के बड़े भाई जो जन्म से अपाहिज है उन्हीं के घर में रहते हैं, प्रार्थी एवं परिवार के लोग बीच-बीच में जाकर बच्चों की देख-भाल करते हैं। थाने में दिए तहरीर के मुताबिक  दिनांक 12.04.2024 को शाम लगभग 04 बजे प्रार्थी बकरी चराकर वापस अपने घर में आया तो उसकी बहू ने उसे बताया कि उसके तीनों पड़पोते-पोती घर में बिना किसी को बताये कही चले गये हैं, प्रार्थी द्वारा बच्चों की पतासाजी के दौरान उसे गांव के लोगों से पता चला कि तीनों बच्चों को उनके निकट रिश्तेदार के साथ स्कूटी में बैठकर जाते देखना बताया गया। प्रार्थी द्वारा निकट रिश्तेदार है यह सोचकर वह उसी समय उसे फोन नहीं किया। प्रार्थी 03 दिन बाद रिश्तेदार को फोन करके बच्चों के संबंध में पूछा तो वह बच्चों को नहीं जानती हूं, मेरे पास नहीं है बताई। प्रार्थी की उक्त रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की अत्यंत संवेदनशीलता को देखते हुये पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह (IPS) ने एसडीओपी बगीचा श्रीमती निमिषा पाण्डेय के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर उक्त गुम बच्चों की पतासाजी हेतु लगाया गया, जिसकी माॅनीटरींग स्वयं पुलिस अधीक्षक जशपुर द्वारा किया गया। टीम द्वारा उक्त तीनों बच्चों को सकुशल बरामद कर थाना लाया गया। पूछताछ में बच्चियों ने बताया कि घटना दिनांक के 02 दिन पूर्व उनकी रिश्तेदार उनके घर में आई थी और बोली कि मेरे साथ चलो, तो वह प्रार्थी को बिना सूचित किये उक्त दोनों बच्चियों को अपने साथ लेकर अपने घर आई, 02 दिन अपने साथ रखी फिर दिनांक 12.04.2024 को उसने अपने स्कूटी वाहन से दोनों बहनों को उनके घर तपकरा क्षेत्र स्थित घर में लेकर आई और बोली कि-”तुम्हारे पिताजी का पैसा निकलेगा, तुम लोग साथ में रहोगे तब मिलेगा, तुम लोग बाहर जाकर काम करोगे तो उसका भी पैसा मिलेगा और तुमलोगों का अमीर घर में विवाह करा दूंगी जिंदगी अच्छे से कटेगा, तुम्हारे भाई को भी ले जायेंगे, चुपचाप चलना है किसी को नहीं बताना है” कहते हुये अपनी बातों में लेकर तीनों भाई-बहन को स्कूटी वाहन में बैठाकर तपकरा आई और उन्हें बोली कि बस से कुनकुरी बस स्टैंड जाना फिर वहां से दूसरा बस पकड़कर कांसाबेल जाना है, मैं भी आती हूं। कांसाबेल बस स्टैंड में उसकी सहेली मिलेगी कहकर वह बस किराये के लिये 500 रू. दी। फिर वह एक बस में बिठाई एवं कुनकुरी में बस बदलकर कांसाबेल पहुंचने पर उनकी रिश्तेदार एवं उसके साथी मिले। रिश्तेदार की साथी ने उन्हें पुनः बस में बिठाकर अम्बिकापुर ले गई उसके बाद रेल्वे स्टेशन अंबिकापुर में ले जाकर अब मेरे साथ रहना है कहते हुये ट्रेन के माध्यम से अनुपपुर होते हुये अपने घर छतरपुर (मध्य प्रदेश) ले गई।   रिश्तेदार के साथियों ने दोनों नाबालिग बहनों को कहा कि-तुम लोग दिल्ली जाकर काम करना, अच्छा पैसा मिलेगा, तुम लोगों का शादी भी कराना है, तुम्हारा भाई हमलोगों के पास रहेगा। आरोपियों ने तीनों भाई-बहन को 3-4 दिन अपने पास बंधक बनाकर रखे थे, किसी से बातचीत नहीं करने देते थे। इसी दौरान एक दिन उनके पास एक आदमी को शादी करने के लिये बुलाये, बच्ची द्वारा शादी करने से मना करने पर वह वहां से चला गया। इसी दौरान उन्हें पुलिस की सक्रियता के संबंध में जानकारी मिली एवं दबाव पड़ने पर वह अंबिकापुर तक उन बच्चों को छोड़ दिए। जशपुर जिले के एक गांव में निवासरत उक्त रिश्तेदार आरोपिया को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ करने पर बताई कि वह योजनाबद्ध तरीके से उक्त तीनों बच्चों को बहला-फुसलाकर अपने साथ घर में बिना किसी को बताये ले गई एवं दोनों बच्चियों को शादी करा दूंगी कहकर अपने साथियों को सौंप दी थी। रिश्तेदार ने बच्चियों की शादी कराने के लिये 03 लाख में सौदा कर ली थी जिसका एडवांस वह 20 हजार ले चुकी थी, 10 हजार रू. खर्च हो गये एवं शेष नगदी 10 हजार रू. नगद, स्कूटी वाहन एवं 01 नग मोबाईल को पुलिस द्वारा जप्त किया गया है। आरोपिया उम्र 35 साल का कृत्य उक्त धारा सदर का अपराध पाये जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। प्रकरण की विवेचना कार्यवाही, बच्चों की बरामदगी एवं आरोपिया की गिरफ्तारी में एसडीओपी बगीचा श्रीमती निमिषा पाण्डेय, थाना प्रभारी तपकरा उ.नि. सुनील सिंह, स.उ.नि. प्रेमिका कुजूर, स.उ.नि. अनिल कामरे, स.उ.नि. सामुदान टोप्पो, म.आर. 633 मंजू यादव, आर. शिवपूजन साय की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह (IPS) ने कहा है कि “मामले में 01 आरोपी गिरफ्तार है, अन्य फरार आरोपियों की अतिशीघ्र गिरफ्तारी होगी, मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावनाएं हैं।