शादी का झांसा देकर दुष्कर्म: सिक्योरिटी गार्ड गया जेल,कोतरा रोड पुलिस ने आरोपी को डभरा से पकड़ा

WhatsApp Image 2024 10 16 at 21.47.24

6 अक्टूबर, रायगढ़ । कल थाना कोतरारोड में एक महिला द्वारा अंकित कुमार के खिलाफ शादी का प्रलोभन देकर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज कराया गया है। महिला का आरोप है कि अंकित कुमार से उसकी जान-पहचान वर्ष 2023 से हुई थी, जब वह जिंदल कंपनी में गार्ड के रूप में काम कर रहा था। अंकित ने उसे शादी का झांसा देकर सितंबर 2023 से उसके साथ रिश्ते में रहने की शुरुआत की। कुछ समय बाद अंकित का ट्रांसफर तमनार हो गया, लेकिन वह फिर भी महिला के किराए के घर में आता-जाता रहा। सितंबर 2024 में अंकित ने महिला को स्पष्ट रूप से शादी से इनकार कर दिया और बताया कि वह किसी दूसरी महिला से शादी कर लिया है। इसके बाद वह पीड़िता से दूरी बनाने लगा। महिला द्वारा आरोपी के विरुद्ध शादी का प्रलोभन देकर शारीरिक संबंध बनाने की शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद, थाना प्रभारी कोतरारोड़, निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू कर दी। आरोपी अंकित कुमार को एफआईआर की जानकारी मिलने पर वह छिपने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने मुखबिरों की मदद से उसे सक्ती जिले के आरकेएम प्लांट डभरा में गिरफ्तार कर लिया। आरोपित अंकित कुमार (पिता- राजेश साव, उम्र 24 वर्ष, निवासी- ग्राम बरकाकाना, थाना पतरात, जिला रामगढ़, झारखंड) को हिरासत में लेकर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। उसकी गिरफ्तारी में उप निरीक्षक कुसुम केवर्त, प्रधान आरक्षक करुणेश राय, आरक्षक चंद्रेश पांडे, और महिला आरक्षक श्यामा सिदार की विशेष भूमिका रही। पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

पुलिस ने हत्या के प्रयास मामले के फरार आरोपी को गिरफ्तार किया, भेजा न्यायिक रिमांड पर

WhatsApp Image 2024 10 15 at 18.21.51

15 अक्टूबर, रायगढ़ । पुसौर पुलिस ने मारपीट मामले में फरार चल रहे आरोपी दिनेश सिदार, पिता लक्ष्मण सिदार, उम्र 21 वर्ष, निवासी औरदा, थाना पुसौर, जिला रायगढ़ (छ.ग.) को आज दिनांक 15.10.2024 की सुबह गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है। इस मामले में अन्य आरोपी दीपक सिदार और विधि के साथ संघर्षरत बालक को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। घटना के संबंध में दिनांक 13.10.2024 को संतराम मिर्रे, पिता कुरर्सो मिर्रे, उम्र 21 वर्ष, निवासी औरदा, थाना पुसौर, जिला रायगढ़ ने थाना पुसौर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गणेश विसर्जन के दौरान एक लड़के (विधि के साथ संघर्षरत बालक) ने बिना किसी उकसावे के उसे हाथ-मुक्के से मारा। इसके बाद, संतराम अपने चाचा लालकुमार ओग्रे और मोहल्लेवालों के साथ घोघा तालाब पर गणेश विसर्जन के लिए गया। विसर्जन के बाद जब वे घर लौट रहे थे, तब रात करीब 12:30 बजे सामुदायिक भवन के पास फिर से वही लड़का दीपक सिदार और एक अन्य लड़के को बुलाकर मारपीट करने लगा। बीच-बचाव के दौरान संतराम के चाचा लालकुमार के साथ भी अभद्रता की गई और तीनों ने जान से मारने की नीयत से हाथ-मुक्का और ईंट से मारकर लालकुमार के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें पहुंचाईं। घायल को तुरंत मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें उच्च चिकित्सा उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया। घटना की रिपोर्ट पर थाना पुसौर में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 210/2024 धारा 109(1), 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी (टीआई) रोहित बंजारे ने आरोपी दीपक सिदार (उम्र 24 वर्ष) और विधि के साथ संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा। फरार आरोपी दिनेश सिदार की लगातार तलाश की जा रही थी, जिसे आज गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी की इस कार्रवाई में निरीक्षक रोहित बंजारे, सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर विश्वाल, महिला प्रधान आरक्षक जेनिपा पन्ना, और आरक्षक ओशनिक विश्वाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लैलूंगा में उरांव करमा महोत्सव में की कई घोषणाएं

Picsart 24 10 14 19 33 30 251

रायगढ़, 14 अक्टूबर 2024 / लैलूंगा में आयोजित उरांव समाज के करमा महोत्सव में आज छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय विशेष रूप से शामिल हुए। उनका हेलिकॉप्टर कुंजारा हैलीपैड पर लैंड हुआ, जिसके बाद वे सड़क मार्ग से सीधे इंद्रप्रस्थ मिनी स्टेडियम पहुंचे और उरांव समाज को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्टेडियम के जीर्णोद्धार के लिए 40 लाख रुपए, उरांव समाज भवन के निर्माण के लिए 49 लाख रुपए, और बास्केटबॉल स्टेडियम के लिए 20 लाख रुपए की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अन्य विकास कार्य भी जल्द ही पूरे किए जाएंगे। अपने भाषण में मुख्यमंत्री साय ने उरांव जनजाति के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए उनकी संस्कृति और परंपराओं की सराहना की। इस अवसर पर उरांव समाज के नेताओं ने मुख्यमंत्री को रोहतासगढ़ किले की तस्वीर भेंट की, जो उरांव जनजाति के राजा का किला था और जहां से उन्होंने मुगलों के खिलाफ युद्ध किया था। मंच पर हिंदू स्वाभिमानी सूर्य की उपाधि प्राप्त प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया और उरांव समाज के कई प्रमुख नेता उपस्थित थे।