*केंद्रीय बजट विकसित भारत व विकसित छत्तीसगढ़ बनाने की दिशा में मील का पत्थर – विष्णुदेव* *छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की सराहना, कहा बजट में हर वर्ग का रखा ख्याल*

IMG 20240617 WA0011

रायपुर, 23 जुलाई 2024/ “यशस्वी प्रधानमंत्री मोदी जी के तीसरे कार्यकाल का पहला बजट आज प्रस्तुत हुआ। वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमन का सातवां बजट दूरदृष्टि और दृढ निश्चय का बजट है। यह सबका बजट है, सबके लिए, सबके विकास का बजट है।”उक्त प्रतिक्रिया छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बजट पर दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बजट में कृषि और रोजगार पर सबसे अधिक ध्यान देना इसे ऐतिहासिक बनाता है। छत्तीसगढ़ के लिए सबसे विशेष बात यह है कि जहां 1.52 लाख करोड़ रूपये कृषि क्षेत्र के लिए रखे गये हैं, कृषि क्षेत्र का ऐतिहासिक पैकेज देश में एक नयी हरित क्रांति लाकर किसानों को समृद्ध बनायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय उन्नत ग्राम योजना लांच हुई है। इससे जनजाति समाज के 63 हजार गांव और 5 करोड़ लोगों को फायदा मिलेगा। छत्तीसगढ़ के आदिवासी क्षेत्रों को इससे काफी लाभ होगा। उन्होंने कहा कि एक करोड़ युवाओं के लिए इंटर्नशिप और इंटर्नशिप के दौरान पांच हजार रूपए महीना देने का प्रावधान रखा गया है। रोजगार कौशल के लिए 2 लाख करोड़ की स्कीम शुरू की जा रही है। इसके साथ ही मुद्रा लोन की रकम 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख रुपए की गयी है, जिससे युवाओं को स्टार्ट-अप में मदद मिल सकेगी। इस योजना से छत्तीसगढ़ के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। वहीं, बजट में घरेलू संस्थानों में उच्च शिक्षा के लिए 10 लाख तक का एजुकेशन लोन प्रावधान किया गया है। जिससे शिक्षा व स्किल को नई ऊंचाई मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2.66 लाख करोड़ ग्रामीण विकास के लिए प्रस्तावित कर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की सरकार गांव, गरीब, किसान और युवाओं के हित में कल्याणकारी कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि यह बजट मोदी जी के 2047 में भारत को विकसित बनाने का संकल्प सिद्ध करने वाला बजट है। यह बजट एक आदर्श कल्याणकारी राज्य की अवधारणा को सामने लाता है। भारत को विकसित बनाने में मील का पत्थर साबित होगा। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा बजट में कृषि व संबंधित क्षेत्रों के लिए 1.52 लाख करोड़ का प्रावधान किया गया है। इससे छत्तीसगढ़ के किसानों को वित्तीय सुरक्षा और कृषि के लिए आवश्यक संसाधन मिलेंगे। इसके अलावा 6 करोड़ किसानों की जानकारी लैंड रजिस्ट्री पर लाई जाएगी जिससे जमीन संबंधी विवादों का जल्द निपटारा हो सकेगा। उन्होंने कहा कृषि में रिसर्च को ट्रांसफॉर्म करना, एक्सपर्ट की निगरानी, और जलवायु के मुताबिक नई वैरायटी को बढ़ावा देने की योजनाएँ छत्तीसगढ़ के किसानों को नई तकनीकों और संसाधनों का लाभ प्रदान करेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा बजट में सरकार द्वारा रोजगार से जुड़े प्रोत्साहन दिये गए हैं। 1 लाख रुपए से कम सैलेरी होने पर इपीएफओ में पहली बार रजिस्टर करने वाले लोगों को 15 हजार रुपए की मदद तीन किश्तों में मिलेगी। नए कर्मचारियों को एक महीने का वेतन, विनिर्माण क्षेत्र में रोजगार सृजन, नियोक्ताओं को सहायता दी गयी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में सैलरीड लोगों को बड़ी राहत मिली है। टैक्स स्लैब में बदलाव लाया गया है, इससे करदाताओं को बचत होगी। उन्होंने कहा बजट में शहरों के क्रिएटिव री-डेवलपमेंट के लिए पॉलिसी लाई जाएगी और पोलावरम सिंचाई परियोजना को पूरा करने की बात कही गई है। इसके अलावा बजट में नवाचार, अनुसंधान और विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है।

पत्थलगांव तहसील में शासकीय पट्टे की भूमि की अवैध रजिस्ट्री का खुलासा, पट्टा निरस्त कर शासकीय भूमि में दर्ज करने का आदेश जारी

IMG 20240723 184952

जशपुर/पत्थलगांव – एक सनसनीखेज खुलासे में, ग्राम कुडकेल खजरी की खसरा नम्बर 1191/2, रकबा 2.024 हेक्टेयर भूमि की अवैध रजिस्ट्री के बाद इसे शासकीय भूमि में दर्ज करने का आदेश पारित किया गया है। इस प्रकरण का भंडाफोड़ तब हुआ जब तहसीलदार पत्थलगांव ने भूमि के नामांतरण की कार्यवाही के दौरान असामान्य गतिविधियों का संदेह जताया। यह भूमि 1931-32 के मिसल बंदोबस्त में बड़े झाड़ का जंगल मद के रूप में दर्ज की गई थी और 1954-55 के अधिकार अभिलेख में भी इसी श्रेणी में दर्ज रही है। 16 अप्रैल 1986 को तहसीलदार पत्थलगांव ने उजागर राम पिता दुष्टीराम निवासी कुडकेल खजरी को इस भूमि का पट्टा कृषि कार्य हेतु प्रदान किया था। दरअसल, पट्टे से प्राप्त भूमि को उजागर पिता दुष्टी जाति कोलता ने 8 जून 2023 को कलेक्टर की अनुमति के बिना रमेश शर्मा पिता रामशरण शर्मा जाति ब्राम्हण निवासी पत्थलगांव एवं सुदाम गोयल पिता दीपचन्द गोयल जाति अग्रवाल निवासी बटईकेला तहसील कासाबेल को रजिस्ट्री के माध्यम से विक्रय कर दिया। नामांतरण की कार्यवाही के दौरान तहसीलदार पत्थलगांव को यह भूमि शासकीय पट्टे से प्राप्त भूमि होने का संदेह हुआ और उन्होंने मार्गदर्शन हेतु प्रकरण अनुविभागीय अधिकारी (रा) पत्थलगांव के समक्ष प्रस्तुत किया। अनुविभागीय अधिकारी (रा) पत्थलगांव ने मामले की जांच की और पाया कि भूमि वास्तव में शासकीय पट्टे से प्राप्त थी। इसके बाद हल्का पटवारी अरूण कुमार लकड़ा को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, जिन्होंने अपने जवाब में भूमि को शासकीय पट्टे से प्राप्त होने की जानकारी न होने का दावा किया। गहन जांच के दौरान तहसीलदार पत्थलगांव और अनुविभागीय अधिकारी (रा) पत्थलगांव के प्रतिवेदन के आधार पर क्रेता और बिक्रेता को सुनवाई का अवसर दिया गया। यह पुष्टि होने पर कि भूमि शासकीय पट्टे से प्राप्त हुई थी और सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना रजिस्ट्री बैनामा के जरिये बेची गई थी, पट्टा निरस्त कर उक्त भूमि को शासकीय भूमि में दर्ज करने का आदेश पारित किया गया। इस खुलासे ने पूरे तहसील में हलचल मचा दी है। हल्का पटवारी अरूण कुमार लकड़ा की संलिप्तता पाये जाने के कारण उनके विरुद्ध विभागीय जांच प्रकरण संस्थित करने के निर्देश अनुविभागीय अधिकारी (रा) पत्थलगांव को दिए गए हैं। यह मामला प्रशासनिक सतर्कता और पारदर्शिता के महत्व को फिर से उजागर करता है, जिससे शासकीय भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

रोमांचक मैच में दोकड़ा ने 2 गोल से जीता फुटबॉल टूर्नामेंट, मुख्य अतिथि डीडीसी सालिक साय ने कहा खेल से मिलती है अनुशासन की सीख*

IMG 20240722 WA0020

जशपुर/कांसाबेल: कांसाबेल ब्लॉक के बटईकेला ग्राम पंचायत में आयोजित फुटबॉल नाक आउट प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम में दोकड़ा की टीम ने गोढ़ी की टीम को 2 गोल से हराकर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। इस रोमांचक मुकाबले में कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया था। **मुख्य अतिथि का उद्बोधन:** समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा अजजा मोर्चा एवं जिला पंचायत सदस्य सालिक साय उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “खेल से अनुशासन की सीख मिलती है और स्वास्थ्य के लिए फुटबॉल अचूक खेल है।” उन्होंने खेल को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़ की साय सरकार और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सराहना की और धन्यवाद दिया। **उपस्थित गणमान्य व्यक्ति:** कार्यक्रम में समरजीत चांद, भूषण वैष्णव (जिला उपाध्यक्ष भाजयुमो), सरपंच निर्मला नाग, सोनमंदर वैष्णव, बालेश्वर चक्रेश, महेश नाग, राजेन्द्र नाग, मुकेश यादव, शंभू शंकर, सुमिर चांद, ओमप्रकाश भगत, दिलेश्वर पैंकरा, अंकित भगत एवं भाजपा के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे। **पुरस्कार वितरण:** दोकड़ा की टीम ने प्रथम पुरस्कार के रूप में 21,000 रुपये और शील्ड जीती, जबकि गोढ़ी की टीम को 11,000 रुपये का पुरस्कार मिला। इस आयोजन से न केवल खिलाड़ियों में जोश और उत्साह बढ़ा, बल्कि स्थानीय समुदाय को भी एकजुटता और अनुशासन का संदेश मिला।इस प्रकार के आयोजन निश्चित रूप से युवाओं को खेल की ओर प्रेरित करेंगे और समाज में खेलों के प्रति जागरूकता फैलाएंगे।

अब ‘दो’ नहीं ‘दस’ लगेगा : शराब पीकर गाड़ी चलाने वाला गया काम से, कोर्ट ने 10 हजार का जुर्माना किया,लायसेंस निरस्त करने आरटीओ रायगढ़ को लिखा पत्र

IMG 20240722 WA0013

जशपुर: जशपुर पुलिस शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्यवाही कर रही है। कोतवाली पुलिस ने नशे में वाहन चला रहे सिकंदर साहू को मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत न्यायालय पेश किया ।जहाँ वाहन चालक पर 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देष्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। दरअसल, यातायात शाखा द्वारा स्पीड बाइकर्स एवं सवारी वाहन चालकों की ब्रीथ एनालाईजर से जाॅंच की जा रही है। जांच के दौरान 21 जुलाई की शाम शराब पीकर वाहन चला रहे सिकंदर साहू का डॉक्टरी मुलाहिज़ा कराकर चालान तैयार किया गया और उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। आज 22 जुलाई 2024 को माननीय न्यायालय द्वारा सिकंदर साहू पर 10,000 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। *सिकंदर का ड्राइविंग लाइसेंस जप्त* शराब पीकर कार चला रहे लैलूंगा निवासी सिकंदर साहू का ड्राइविंग लाइसेंस जप्त कर ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने हेतु परिवहन विभाग रायगढ को भेजा गया है। जशपुर पुलिस की वाहन जाॅंच कार्यवाही नियमित रूप से जारी रहेगी ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। संशोधित मोटर व्हीकल एक्ट के अनुसार शराब पीकर गाड़ी चलाने पर जुर्माना अब दो हजार रूपये से बढ़ाकर दस हजार रूपये कर दिया गया है। इस नए कानून का उद्देश्य सड़कों पर सुरक्षा को बढ़ावा देना और दुर्घटनाओं की संख्या को कम करना है। सामाजिक कार्यकर्ता अमन शर्मा ने कहा कि जशपुर पुलिस का यह कदम निश्चित रूप से समाज में जागरूकता लाने और ट्रैफिक नियमों के पालन को सुनिश्चित करने में मददगार साबित होगा।

**भारतीय न्याय संहिता के तहत रेंज स्तरीय प्रथम समीक्षा बैठक का आयोजन** **रेंज के सभी जिलों के लगभग 749 प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई**

IMG 20240719 WA0019

जशपुर –  नवीन कानून के लागू होने के पश्चात दोष मुक्ति प्रकरणों के संबंध में रेंज स्तरीय प्रथम समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में रेंज के सभी जिलों के लगभग 749 प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। समस्त पुलिस अधीक्षक एवं लोक अभियोजन अधिकारी इस महत्वपूर्ण बैठक में उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अंकित गर्ग ने की। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई 2024 से लागू नवीन कानून के तहत पुलिस मुख्यालय द्वारा विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इन कार्यक्रमों में रेंज स्तर एवं जिला स्तर पर भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं भारतीय साक्ष्य संहिता में परिवर्तित धाराओं एवं प्रक्रियाओं के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। **समीक्षा के प्रमुख बिंदु:** 1. **नवीन कानून की समझ और प्रशिक्षण**: आईजी  गर्ग ने बताया कि किसी भी गंभीर प्रकरणों में विवेचकों द्वारा विवेचना में की जाने वाली त्रुटियों को दूर करने हेतु भौतिक साक्ष्यों को फोटो ग्राफी और वीडियो ग्राफी कर साक्ष्यों को सावधानी से एकत्र करने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही अभियोजन अधिकारियों को सुझाव दिए गए कि वे होस्टाईल हो रहे प्रार्थी एवं गवाहों को उनके द्वारा दिए गए अभिमत/कथन पर कायम रहने के लिए प्रेरित करें। 2. **महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित मामलों की प्राथमिकता**: महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित गंभीर प्रकरणों, जैसे बलात्कार एवं पास्को एक्ट के मामलों में एफआईआर के पश्चात 60 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से चालान पेश करने की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त, प्रार्थी/पीड़िता जो न्यालय में 183 बीएनएसएस के तहत कथन दे चुके हैं, यदि ट्रायल के दौरान होस्टाईल होते हैं, तो उनके विरुद्ध धारा 307 बीएनएसएस के तहत कार्यवाही हेतु आवेदन प्रस्तुत करने की चर्चा की गई। 3. **अन्य महत्वपूर्ण प्रकरण**: एनडीपीएस एक्ट/आबकारी एक्ट एवं सड़क दुर्घटनाओं के प्रकरणों में हो रही दोषमुक्ति के कारणों की समीक्षा की गई। साथ ही, विवेचना में आवश्यक सुधार हेतु कार्यशाला आयोजन करने का सुझाव दिया गया। इस समीक्षा बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर  एम. आर. आहिरे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बलरामपुर डॉ. लाल उमेद सिंह, पुलिस अधीक्षक सरगुजा योगेश पटेल, पुलिस अधीक्षक कोरिया सूरज सिंह परिहार, पुलिस अधीक्षक एमसीबी चंद्र मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर अनिल सोनी, उप पुलिस अधीक्षक एम.आर. कश्यप, एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश जायसवाल एवं समस्त जिला अभियोजन अधिकारी एवं आईजी रीडर सुभाष ठाकुर मौजूद रहे। इस समीक्षा बैठक का मुख्य उद्देश्य नवीन कानून के तहत दोष मुक्ति प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा करना और भविष्य में होने वाली त्रुटियों को दूर करना था, ताकि न्याय प्रणाली और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी हो सके।

*सीएम कैंप कार्यालय के निर्देश पर ग्रामीणों को मिली अंधेरे से मुक्ति, लगा नया ट्रांसफार्मर, ट्रांसफार्मर खराब होने से गांव डूबा था अंधेरे में,विद्युत आपूर्ति बहाल होने पर सीएम साय का जताया आभार…*

IMG 20240719 WA0004

जशपुर –  जिले के फरसाबहार ब्लॉक अंतर्गत बारो पंचायत के उरांव पारा के ग्रामीणों को अब अंधेरे से मुक्ति मिल गई है। सीएम कैंप कार्यालय के निर्देश पर वहां के खराब ट्रांसफार्मर को बदलकर नया ट्रांसफार्मर लगा दिया गया है। उरांव पारा का ट्रांसफार्मर बीते 9 जुलाई को खराब हो गया था, जिससे ग्रामीणों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। चूंकि फरसाबहार क्षेत्र नागलोक के नाम से विख्यात है, ऐसे में रात को घर में अंधेरा होने से हमेशा जहरीले सांपों व अन्य जीव जंतुओं का खतरा बना हुआ रहता है। इस परेशानी को लेकर गांव के लोग सीएम कैंप कार्यालय में जाकर आवेदन दिए थे। जिस पर सीएम कैंप कार्यालय से विद्युत विभाग के अधिकारियों को समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए गए थे। जिसके बाद विभाग ने बारो पंचायत के उरांव पारा में नया ट्रांसफार्मर लगा दिया है। समस्या का समाधान हो जाने से ग्रामीणों ने सीएम कैंप कार्यालय के प्रति आभार जताया है। उल्लेखनीय है कि प्रतिदिन मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया में सुबह 10 बजे से 3 बजे तक जनदर्शन लगाकर ग्रामीणों की समस्या सुनी जाती है और उसका समाधान भी किया जाता है। जिससे सीएम कैंप कार्यालय लोगों की आस का केंद्र बन चुका है और लोग बड़ी संख्या में वहां पहुंचकर अपनी समस्याएं रख रहे हैं।

*महावृक्षारोपण अभियान:*जिले के स्कूलों में एक हजार फलदार तथा छायादार प्रजाति के पौधों भी किया गया वितरण* *वैधराजों, शिक्षक एवं बच्चों ने मां के नाम एक पेड़ लगाकर ली सुरक्षा की जिम्मेदारी*

IMG 20240719 WA0000

जशपुर –  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आह्वान पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ महावृक्षारोपण अभियान अंतर्गत जिले के विभिन्न ग्रामों से वनमण्डल कार्यालय जशपुर में उपस्थित हुए। सभी वैधराजों को डीएफओ जितेंद्र उपाध्याय ने वन औषधिय पौधे हर्रा, बेहरा, अर्जुन, सतावर, बेल, एलोवेरा, नीम, काली मूसली, सफेद मूसली,, सर्पगंधा, करंज, नागकेशरी, गिलोय, अश्वगंधा, गटारन तथा अन्य फलदार एवं औषधीय पौधों का वितरण किया गया।   वन मण्डल अधिकारी जितेंद्र उपाध्याय के द्वारा जशपुर के वैद्यो को औषधि बगिया के संवर्धन  हेतु पौधों के रख रखाव, सिंचाई,सुरक्षा हेतु प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि  ‘वन एवं पर्यावरण की रक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है। वृक्ष हमे प्राण वायु, फल, फूल, औषधि, ईंधन प्रदान करते है, वह घट रहे हैं। हमे वनों की सुरक्षा करनी चाहिए।’ जशपुर अंचल के गांवों से प्रमाणित आदिवासी उपचारकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के आयोजक पिरामल फाउंडेशन के जिला कार्यक्रम समन्वयक संतोष सोन ने अपने उद्बोधन में कहा कि हम इन पौधे की जतन कर उन्हें वृक्ष होने तक सेवा कर आने वाली पीढ़ी के लिए उपहार स्वरूप सौंपें। हमारी स्मृति के रूप में इन वृक्षो को देख कर याद करंगे। उपचारकर्ता को जड़ी बूटी व औषधि घर आंगन में प्राप्त होने से हमें जंगल जाने से जो वक्त लगता है वह बच जाएगा एवं दुर्घटनाओं से भी बच सकेंगे। साथ ही जिले के स्कूलों में 1000 फलदार तथा छायादार प्रजाति के पौधों का रोपण एवं वितरण स्कूल के शिक्षक, बच्चें एवं वन अमला की उपस्थित में किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित वैधराजों, शिक्षक एवं बच्चों ने अपनी मां के नाम से एक पेड़ लगाया एवं सुरक्षा की जिम्मेदारी ली।

जशपुर में आईटीआई रुड़की के विशेषज्ञों ने टिकाऊ कृषि,जल,पर्यावरण प्रबन्धन पर शुरू की दो दिवसीय कार्यशाला,कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल भी हुए शामिल

IMG 20240716 WA0016

जशपुर, 16 जुलाई 2024 – जिले में खेती-किसानी को उन्नत बनाने और किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति प्रोत्साहित करने के प्रयासों के तहत जशपुर में दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का आयोजन आईआईटी भिलाई के सहयोग से आईआईटी रुड़की द्वारा किया गया। कार्यशाला की शुरुआत कलेक्ट्रेट मंत्रणा कक्ष में हुई, जिसमें कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल भी शामिल हुए। कार्यशाला में जिले के दस अलग-अलग विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इनमें कृषि, ट्राइबल, वन, खनिज, रोजगार, शिक्षा सहित अन्य विभाग शामिल थे। आईआईटी रुड़की के विशेषज्ञों ने टिकाऊ कृषि, भूमि, जंगल और पर्यावरण सहित विभिन्न विषयों पर जानकारी दी। कार्यशाला के पहले दिन, अधिकारियों ने विशेषज्ञों से इन विषयों पर सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया। इसके अलावा, पर्यावरण और कार्बन ऊर्जा उत्पादन पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल ने टिकाऊ कृषि, भूमि, जंगल और पर्यावरण के प्रबंधन में ऐसी कार्यशालाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “यह कार्यशाला ज्ञान के आदान-प्रदान, सहयोग को बढ़ावा देने और स्थायी भूजल प्रबंधन प्रथाओं को बढ़ावा देने के लिए एक मंच प्रदान करती है। विशेषज्ञों और अधिकारियों की जबरदस्त प्रतिक्रिया और सक्रिय भागीदारी इस विषय के महत्व और प्रासंगिकता को दर्शाती है।” जशपुर की प्राकृतिक सुंदरता, जिसमें नदियाँ, जलप्रपात, पहाड़ और जंगल शामिल हैं, को ध्यान में रखते हुए कार्यशाला का उद्देश्य टिकाऊ कृषि, भूमि, जंगल और पर्यावरण प्रबंधन के सफल मॉडल्स का परीक्षण करना और विशेष रूप से जशपुर जिले के लिए सर्वाधिक उपयुक्त पद्धतियों की पहचान करना है। इस कार्यशाला का उद्देश्य पूरे राज्य में सतत और उन्नत कृषि पद्धतियों के सफल मॉडल्स का परीक्षण करना और विशेष रूप से जशपुर जिले के लिए सर्वाधिक उपयुक्त पद्धतियों की पहचान करना है। इन मॉडल्स में टिकाऊ कृषि, भूमि, जंगल, पर्यावरण और कार्बन ऊर्जा उत्पादन मूल्य श्रृंखला से जुड़े विभिन्न पहलुओं को भी शामिल किया गया है। कार्यशाला में भाग लेने वाले अधिकारियों ने इसे बहुत ही ज्ञानवर्धक और प्रासंगिक बताया और कहा कि यह कार्यशाला जिले में टिकाऊ और उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

खून से लाल होता नेशनल हाइवे,दो मोटरसाइकिल की भिड़ंत में एक की मौत,4 घायल,वाहन चालकों के खिलाफ थाने में हुआ एफआईआर

rps20240716 103631

जशपुर – नेशनल हाइवे 43 में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है।कहीं नशे की हालत में वाहन चलाते हुए सड़क लाल हो रही है तो कहीं ट्रैफिक रूल को ठेंगा दिखाते हुए युवा सड़क लाल कर रहे हैं।सड़क दुर्घटनाओं में हो रही मौतों से लोग डरे-सहमे यात्रा कर रहे हैं।बीते शाम ऐसे ही रायकेरा-कुनकुरी रोड पर दो मोटरसाइकिल आपस में टकरा गए जिससे एक कि मौत हो गई और 4 घायल हो गए। घटना के सम्बन्ध में कुनकुरी थाना प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि सोमवार शाम तकरीबन 5 बजे दो बाइक रायकेरा गांव के पास एनएच 43 पर टकरा गए।जिसकी सूचना पर मौके में दो बाइक टकराकर गिरी हुई हालत में मिली।घटनास्थल पर हीरो पैशन बाइक चालक रायकेरा निवासी सिकन्दर विश्वकर्मा की मौत हो गई और उसकी 23 साल की पत्नी शालिनी गम्भीर घायल,2 साल की बेटी श्रुति घायल हैं जिनका इलाज चल रहा है।वहीं दूसरी बाइक अपाचे का चालक बगिया निवासी रामनाथ साय की स्थिति गम्भीर है,पीछे बैठे युवक रोनाल्ड को भी चोट लगी है। वहीं घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि दोनों बाइक जशपुर रोड से आ रहे थे कि रायकेरा निवासी सिकन्दर विश्वकर्मा अचानक बाइक को मोड़ते हुए सड़क की दूसरी ओर जाने लगा जिससे पीछे तेज गति से आ रहा अपाचे बाइक का चालक सम्भाल नहीं पाया और पैशन बाइक को जोरदार टक्कर मार दिया।अगर सिकन्दर अचानक बाइक नहीं मोड़ता तो हादसा नहीं होता। फिलहाल कुनकुरी पुलिस मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई पश्चात शव का पोस्टमार्टम कराने में जुटी है।थाना प्रभारी ने दोनों बाइक चालकों के खिलाफ सुसंगत धारा के तहत अपराध दर्ज किया है।

*जशपुर सहित प्रदेश में तेजी से सुधर रहा है स्वास्थ्य सेवा – कौशल्या*मुख्यमंत्री घोषणा के 24 घंटे के अंदर जिले को मिले दो एंबुलेंस और एक शव वाहन**सीएम कैम्प बगिया से मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय ने हरी झंडी दिखा कर सेवा के लिए वाहन किया रवाना*

IMG 20240715 WA0020

जशपुर :15 जुलाई 2024/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के घोषणा के अनुरूप स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में जिले को दो बड़ी सुविधा मिली है। मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय ने सीएम कैंप बगिया में दो एंबुलेंस और एक शव वाहन को हरी झंडी दिखा कर जरूरतमंद मरीजों की सेवा के लिए रवाना किया।श्रीमती साय ने कहा कि ये एंबुलेंस दुलदुला ब्लॉक के करडेगा और फरसाबहार ब्लाक के कोल्हेनझरिया में सेवा देगी। वहीं मुक्तांजली शव वाहन दुलदुला में सेवा प्रदान करने के लिए तैनात रहेगी। उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले ही रविवार को दुलदुला में आयोजित मतदाता अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इसकी घोषणा की थी। घोषणा के 24 घंटे से भी कम समय में उनकी घोषणा का सरकार ने पूरा करते हुए जिलेवासियों को सौगात दिया है। भाजपाध्यक्ष सुनील गुप्ता ने सीएम साय का आभार जताते हुए कहा कि  यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आपकी सरकार ने जशपुर सहित पूरे प्रदेश की स्वास्थ्य सेवा को सुधारने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। सीएम के रूप में शपथ ग्रहण करने के तत्काल बाद मुख्यमंत्री साय ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को एंबुलेंस सेवा में गुणात्मक सुधार लाने का सख्त निर्देश दिया था। उन्होनें कॉल के आधा घंटा के अंदर मरीज को एंबुलेंस उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया था। इसके साथ ही प्रदेश के सभी चिकित्सालयों में सस्ती जेनरीक दवा की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश जारी किया था। ताकि मरीजों को महंगी दवाओं से मुक्ति मिल सके। वही गृह जिले जशपुर में स्वास्थ्य सेवा में सुधार लाने के लिए सीएम साय की पहल से दिसंबर 2023 से अब तक जिले को 7 एंबुलेंस और 1 शव वाहन मिल चुके हैं। इससे मरीजों की सेवा में लगे एंबुलेंस की संख्या जिले में बढ़ कर 21 हो चुकी है। इसके साथ ही कुनकुरी में 220 बिस्तर की क्षमता वाली सर्वसुविधा युक्त अस्पताल निर्माण की घोषणा पहले ही हो चुकी है। जिले के 7 उप स्वास्थ्य केन्द्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का दर्जा देते हुए आवश्यक मानव संसाधन जुटाने के लिए स्वीकृति दिया जा चुका है। जिला चिकित्सालय को आदर्श चिकित्सालय के रूप में विकसीत करने की घोषणा भी हो चुकी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का लक्ष्य जिलेवासियों को जिले में ही उच्च स्तरीय चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध कराना है ताकि लोगों को उपचार के लिए बड़़े शहरों की ओर दौड़ लगाने से मुक्ति मिल सके। इस अवसर पर जिला भाजपाध्यक्ष सुनिल गुप्ता, ममता कश्यप, उमा देवी, फरसाबहार के पूर्व जनपद अध्यक्ष वेद प्रकाश भगत, सीएमएचओ डॉ. व्ही.के. इंदवार भी उपस्थित थे।