मोंथा चक्रवात का असर अब भी जारी, मौसम विभाग ने फिर दी चेतावनी – कई जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट,जशपुर से आई तस्वीरें देखिए

IMG 20251031 WA0015

मोंथा चक्रवात का असर अब भी जारी, मौसम विभाग ने फिर दी चेतावनी – कई जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट   रायपुर/जशपुर – चक्रवात मोंथा का असर अब तक खत्म नहीं हुआ है। मौसम विभाग ने बताया है कि छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में आज भी बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है। कई जगहों पर तेज हवा चलने और बिजली गिरने का खतरा है। फोटो: लोरो घाटी में कोहरे और हल्की बारिश से विजिबिलिटी कम,लाइट जलाकर चलते वाहन मौसम विभाग के अनुसार, मोंथा चक्रवात का असर इस समय पूर्वी विदर्भ और दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर एक निम्न दबाव क्षेत्र के रूप में बना हुआ है, जो अब उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। अगले 24 घंटे में यह सिस्टम उत्तर छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्यप्रदेश की ओर बढ़कर एक नया दबाव क्षेत्र बना सकता है। फोटो: बालाछापर नेशनल हाईवे की तस्वीर पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। बड़े बचेली में सबसे ज्यादा 6 सेमी, भोपालपटनम में 4 सेमी, कुसमी में 3 सेमी, जबकि कुटरू, गंगालूर, भैरमगढ़, दुर्गकोंदल और नारायणपुर में 2 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा औंधी, सामरी, कांसाबेल, उसूर, मानपुर, जगदलपुर, ओरछा, बिहारपुर, कुआकोडा, कटघोरा और बुलबुला में हल्की वर्षा हुई।   जशपुर जिले में सुबह से कोहरा और हल्की बारिश देखने को मिली, जिससे विजिबिलिटी यानी दृश्यता कम हो गई। मौसम विभाग ने जशपुर, बलरामपुर और आसपास के इलाकों के लिए अगले 3 घंटे का अलर्ट जारी किया है। यहां बिजली गिरने, गरज के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई गई है। फोटो: सुबह 10 बजे हैं,जशपुर शहर का मौसम कोहरे से ढका हुआ,स्ट्रीट लाइट जलते हुए   रायगढ़, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा मरवाही, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में भी मध्यम वर्षा की संभावना बताई गई है।   राजधानी रायपुर में आज पूरे दिन बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में हल्की बारिश हो सकती है। तापमान में भी गिरावट आएगी और अधिकतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। फोटो: रणजीता स्टेडियम में राज्योत्सव की तैयारी में खराब मौसम का असर दिखता हुआ   मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि एक नवंबर तक उत्तर छत्तीसगढ़ यानी जशपुर, बलरामपुर और सरगुजा के इलाके में यह सिस्टम ज्यादा सक्रिय रहेगा। इसलिए किसानों और ग्रामीणों को सलाह दी गई है कि वे खेतों में बिजली गिरने के समय न जाएं और खुले में खड़े न रहें।

बिग ब्रेकिंग : जशपुर में जमीन विवाद ने ली दो जिंदगियों – दो परिवारों के बीच खूनी संघर्ष, 2 की मौत

IMG 20251031 093209

बिग ब्रेकिंग : जशपुर में जमीन विवाद ने ली दो जिंदगियों – दो परिवारों के बीच खूनी संघर्ष, 2 की मौत जशपुर, 31 अक्टूबर 2025 – जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के पाकरगांव में गुरुवार देर रात जमीन विवाद ने भयावह रूप ले लिया। यादव और नागवंशी परिवार के बीच चल रहे पुराने विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, नागवंशी परिवार के लोगों ने देर रात चक्रोधर यादव के घर पहुंचकर उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था। घटना के दौरान जब ग्रामीणों ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो अफरातफरी और अंधेरे के बीच हमलावरों ने गलती से अपने ही साथी नान्ही नागवंशी पर वार कर दिया, जिससे उसकी भी मौके पर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विवाद की जड़ जमीन का पुराना बंटवारा बताया जा रहा है। 👉 घटना स्थल – पाकरगांव, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर 👉 मृतक – चक्रोधर यादव एवं नान्ही नागवंशी 👉 कारण – पुराना जमीन विवाद 👉 पुलिस – मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी है।

जनप्रतिनिधि से दुर्व्यवहार पर तहसीलदार सन्ना की कार्यशैली विवाद में, वीडियो वायरल होने के बाद मामला गरमाया

VID 20251029 WA00071

जशपुर,30 अक्टूबर 2025 – सन्ना तहसील में पदस्थ महिला तहसीलदार एक बार फिर विवादों में घिर गई हैं। जनपद सदस्य राकेश गुप्ता के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होते ही मामला तूल पकड़ लिया है। इसमें तहसीलदार को जनप्रतिनिधि से तीखे लहजे में बात करते और गुस्से में नसीहत देते हुए देखा जा सकता है।इस वीडियो की पुष्टि ख़बर जनपक्ष नहीं करता है।तहसीलदार की ओर से इस मामले पर कोई बयान अभी सामने नहीं आया है।   जानकारी के अनुसार, हाल ही में एक जमीन विवाद के दौरान जनपद सदस्य राकेश गुप्ता तहसीलदार से चर्चा करने गए थे। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई और बात इतनी बढ़ गई कि माहौल तनावपूर्ण बन गया। जनपद सदस्य का कहना है कि तहसीलदार ने जनप्रतिनिधि के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जो अस्वीकार्य है। पहले भी रह चुकी हैं विवादों में यह कोई पहला मौका नहीं है जब तहसीलदार सन्ना विवादों में आई हों। बगीचा में पदस्थापना के दौरान भी उन पर पटवारियों ने गंभीर आरोप लगाए थे कि उनसे निजी कामों और राशन की मांग की जाती थी। उस समय भी यह मामला चर्चा में रहा था और उनकी कार्यशैली पर सवाल उठे थे। इसके अलावा, अधिवक्ता संघ द्वारा उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया जाना भी विवादों की लंबी सूची में शामिल है।सूत्रों के मुताबिक, कुछ समय पहले तहसील के ही कर्मचारियों ने भी तहसीलदार पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था, जिसके बाद मामला जिला स्तर पर सुलझाया गया था।   राजनीतिक गलियारों में हलचल इस ताजा घटनाक्रम ने राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में नई हलचल मचा दी है। कई संगठन और जनप्रतिनिधि प्रशासन से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। जनपद सदस्य राकेश गुप्ता ने कहा कि किसी भी अधिकारी को जनता के प्रति जवाबदेह रहना चाहिए, न कि अहंकारपूर्ण व्यवहार करना चाहिए।उन्होंने कहा कि यह मामला शासकीय भूमि पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से जुड़ा है, जहां निष्पक्षता की अपेक्षा की जा रही थी, लेकिन व्यवहारिक तौर पर भेदभाव झलक रहा है। सोशल मीडिया फेसबुक में यूजर्स तहसीलदार पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।वहीं अन्य जनप्रतिनिधियों में भी इस मामले पर तहसीलदार के खिलाफ आक्रोश है। अब नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर जनप्रतिनिधि के साथ दुर्व्यवहार के आरोप के बाद अब निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं। जिला प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन वायरल वीडियो और लगातार बढ़ते जन असंतोष को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही इस पर जांच या कार्रवाई की घोषणा की जा सकती है।

कानफाड़ू प्रेशर हॉर्न पर कुनकुरी पुलिस की सख्त कार्रवाई — शमीम बस के ड्राइवर पर ₹2500 का चालान,ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू

IMG 20251025 WA0006

कानफाड़ू प्रेशर हॉर्न पर कुनकुरी पुलिस की सख्त कार्रवाई — शमीम बस के ड्राइवर पर ₹2500 का चालान, जब्त हुआ हॉर्न कुनकुरी (जशपुर)। सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा और एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन को लेकर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। शुक्रवार को इसी अभियान के तहत कुनकुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने प्रेशर हॉर्न और सीट बेल्ट उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई की। जशपुर से अंबिकापुर जा रही शमीम बस (क्रमांक CG 15 DY 3264) के ड्राइवर लक्ष्मण यादव को कानफाड़ू प्रेशर हॉर्न बजाते पकड़ा गया। बस में सवार यात्रियों ने पुलिस से शिकायत की थी कि ड्राइवर बार-बार तेज आवाज वाला हॉर्न बजा रहा है, जिससे यात्रियों और अन्य वाहन चालकों को परेशानी हो रही थी। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश यादव के निर्देश पर यातायात पुलिस जवान जितेंद्र गुप्ता और निर्दोष कुजूर ने बस को रोककर जांच की। इस दौरान प्रेशर हॉर्न जब्त कर लिया गया और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वाहनों में अवैध उपकरणों का उपयोग और सीट बेल्ट न लगाने पर ₹2500 का चालान काटा गया।वहीं ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कुनकुरी पुलिस का कहना है कि मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रेशर हॉर्न, मल्टी-टोन हॉर्न या तेज ध्वनि उत्पन्न करने वाले किसी भी उपकरण का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है। यह न केवल Noise Pollution (Regulation and Control) Rules, 2000 का उल्लंघन है बल्कि इससे सड़क सुरक्षा को गंभीर खतरा भी उत्पन्न होता है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत किया और कहा कि शहर में बढ़ते ट्रैफिक और शोर प्रदूषण के बीच ऐसी सख्ती आवश्यक है। कुनकुरी शहर शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार का प्रमुख केंद्र है, जहां दिनभर सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। ऐसे में कानफाड़ू हॉर्न आम लोगों के लिए परेशानी और दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं। कुनकुरी पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि —  “अब जो भी ड्राइवर प्रेशर हॉर्न या तेज आवाज वाले हॉर्न का उपयोग करेगा, उस पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

जशपुर के पत्रकारों को मिली बड़ी जिम्मेदारी — राज्य एवं संभाग स्तरीय अधिमान्यता समितियों में मिली जगह

IMG 20251021 WA0003

जशपुर- राज्य शासन द्वारा राज्य स्तरीय एवं संभाग स्तरीय अधिमान्यता समितियों के सदस्यों के नामों का राजपत्र में प्रकाशन कर दिया गया है। इस सूची में जशपुर प्रेस क्लब के पत्रकारों को भी महत्वपूर्ण स्थान मिला है, जिससे जिले के पत्रकारों में हर्ष का माहौल है।   राजपत्र में जारी अधिसूचना के अनुसार, छत्तीसगढ़ संचार प्रतिनिधि कल्याण समिति में जशपुर प्रेस क्लब के संरक्षक विजय त्रिपाठी को शामिल किया गया है। वहीं सरगुजा संभाग अधिमान्यता समिति में जशपुर से विकास पांडे (अध्यक्ष, जशपुर प्रेस क्लब एवं ब्यूरो चीफ दैनिक भास्कर), रविन्द्र थवाईत (ब्यूरो चीफ नई दुनिया) और दीपक सिंह (संवाददाता, NEWS18) को सदस्य के रूप में स्थान मिला है।   इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर जशपुर प्रेस क्लब के सभी सदस्यों एवं जिलेभर के पत्रकारों ने चयनित पत्रकार साथियों को बधाई दी है। पत्रकारों का कहना है कि यह जशपुर प्रेस क्लब की सक्रियता और निष्पक्ष पत्रकारिता की पहचान है, जिसने जिले का नाम एक बार फिर राज्य स्तर पर रोशन किया है। पत्रकारों का मानना है कि इन समितियों में जिले के प्रतिनिधित्व से स्थानीय पत्रकारों को इसका लाभ होगा।

जशपुर में 15 अक्टूबर को होगा फिल्म अर्पण का पोस्टर विमोचन, डॉ हरविंदर मांकड़ और आदेश शर्मा रहेंगे विशेष अतिथि

IMG 20251012 WA0015

जशपुर में 15 अक्टूबर को होगा फिल्म अर्पण का पोस्टर विमोचन, डॉ हरविंदर मांकड़ और आदेश शर्मा रहेंगे विशेष अतिथि जशपुर,12 अक्टूबर 2025/ जशपुर की धरती एक बार फिर बड़ी सांस्कृतिक और प्रेरणादायक घटना की साक्षी बनने जा रही है। क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ ग्रेस कुजूर के संघर्षपूर्ण जीवन पर आधारित फिल्म अर्पण का भव्य पोस्टर विमोचन समारोह 15 अक्टूबर को जशपुर में आयोजित होगा। पॉपकॉर्न फ्लिक्स इंडिया के प्रोडक्शन हेड संतोष चौधरी ने बताया कि इस अवसर पर एपीजे अब्दुल कलाम पर पुस्तक लिखने वाले प्रसिद्ध लेखक और लोटपोट पत्रिका के मोटू पतलू के क्रिएटर, सुप्रसिद्ध कार्टूनिस्ट डॉ हरविंदर मांकड़ तथा बालाजी फिल्म्स इंडिया के संस्थापक आदेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। खास बात है कि पॉपकॉर्न फ्लिक्स इंडिया की फिल्म अर्पण में नायिका की भूमिका स्वयं डॉ ग्रेस कुजूर ने निभाई है। कार्यक्रम में पूर्व सैनिक भी विशेष रूप से आमंत्रित हैं, क्योंकि डॉ ग्रेस के पिता स्वर्गीय स्तानिसलास कुजूर भारतीय सेना के वीर सैनिक रहे हैं, जिन्होंने चार लड़ाइयां, 1962, 1965, 1971 तथा गोवा मुक्ति संग्राम में अपनी वीरता का प्रदर्शन किया था। डॉ हरविंदर मांकड़ ने कहा कि “जशपुर की खूबसूरत और अनछुई वादियाँ मुझे दोबारा खींच लाई हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी की स्वच्छ पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता अनुकरणीय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पेड़ माँ के नाम अभियान की सफलता देखकर यह फिल्म उसी भावना को समर्पित है।” वहीं, आदेश शर्मा ने भी डॉ ग्रेस के कार्यों से प्रभावित होकर समारोह में शामिल होने की सहमति दी है। वे पिछले 35 वर्षों से मीडिया और फिल्म निर्माण के क्षेत्र में सक्रिय हैं और तथास्तु इंडिया, वायदूत न्यूज नेटवर्क, बालाजी फिल्म्स के संस्थापक होने के साथ ही दूरदर्शन स्ट्रिंगर फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त सचिव के रूप में कार्यरत हैं। यह समारोह न केवल जशपुर की कला और सौंदर्य को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने वाला साबित होगा, बल्कि डॉ ग्रेस कुजूर के प्रेरक जीवन की कहानी को भी जन-जन तक पहुँचाने का माध्यम बनेगा।

पेट दर्द की शिकायत पर खुला मामला — 8 माह की गर्भवती पाई गई नाबालिक, आरोपी गिरफ्तार

IMG 20251003 WA0008 1

पेट दर्द की शिकायत पर खुला मामला — 8 माह की गर्भवती पाई गई नाबालिक, आरोपी गिरफ्तार     जगदलपुर/कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में एक नाबालिक से लंबे समय से अनाचार का मामला सामने आया है। फरसगांव थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली नाबालिक को पेट दर्द की शिकायत पर परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच में यह खुलासा हुआ कि वह 8 माह की गर्भवती है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।   पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 अक्टूबर को परिजन नाबालिक को पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल ले गए थे। जांच के दौरान चिकित्सकों ने बताया कि नाबालिक लगभग 8 माह की गर्भवती है। यह सुनते ही परिजन स्तब्ध रह गए। जब परिजनों ने नाबालिक से पूछताछ की, तो उसने आरोपी की करतूतों का खुलासा किया।   नाबालिक ने बताया कि 2 दिसंबर 2024 को सोनाबेड़ा में रहने वाले आरोपी युवक ने उसे बहला-फुसलाकर खेत की ओर ले जाकर जबरन दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी द्वारा कई बार नाबालिक के साथ गलत काम किया गया। डर की वजह से पीड़िता ने इस बात की जानकारी किसी को नहीं दी थी।   परिजनों की रिपोर्ट पर फरसगांव थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 26 वर्षीय आरोपी को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया।

*Brown Sugar* : जशपुर में ‘ऑपरेशन आघात’ की बड़ी कार्रवाई: ब्राउन शुगर के साथ तकीम खान गिरफ्तार, 30 हजार रुपये की मादक पदार्थ जब्त

IMG 20251003 WA0003

जशपुर, 3 अक्टूबर 2025 जशपुर पुलिस द्वारा नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत लोदाम थाना क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने ग्राम साईं टांगर टोली से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ब्राउन शुगर की पुड़ियां जब्त की हैं।   पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोहम्मद तकीम खान (28 वर्ष), निवासी ग्राम साईं टांगर टोली, अपने पास ब्राउन शुगर रखकर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में लोदाम पुलिस की टीम तत्काल कार्रवाई के लिए रवाना हुई।   टीम को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर घेराबंदी करते हुए उसे हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पैंट की जेब से पीले रंग की प्लास्टिक की पन्नी में लिपटी 19 कागज की पुड़ियां बरामद की गईं, जिनमें कुल 1 ग्राम 95 मिलीग्राम ब्राउन शुगर रखी हुई थी। जब्त मादक पदार्थ की बाजार कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई जा रही है।   लोदाम थाना में आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(a) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से यह भी पता लगाने में जुटी है कि वह ब्राउन शुगर कहां से लाता था और इस नेटवर्क में अन्य कौन लोग शामिल हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।   इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, उप निरीक्षक सुनील सिंह, सहायक उप निरीक्षक सहबीर भगत, आरक्षक मोरिस किस्पोट्टा, धनसाय राम और राजेश गोप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।   वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि नशे के कारोबार के खिलाफ ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी व बिक्री में लिप्त तत्वों पर सख्त निगरानी और सटीक कार्रवाई की जा रही है।

*कुनकुरी को मिला स्वास्थ्य सेवाओं का नया वरदान, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर 8 करोड़ 77 लाख की लागत से गिनाबहार में 50 बिस्तरीय मातृ-शिशु चिकित्सालय का निर्माण कार्य शुरू…*

IMG 20250922 WA0010

जशपुर/कुनकुरी –  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिलेवासियों को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक और बड़ी सौगात दी है। जिले के कुनकुरी ब्लॉक अंतर्गत गिनाबहार में 50 बिस्तरीय मातृ-शिशु चिकित्सालय का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। लगभग 8 करोड़ 77 लाख रुपए की लागत से बनने वाला यह अस्पताल क्षेत्रवासियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं होगा। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मातृ-शिशु स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण, जिले के विकास और लोगों के जीवन स्तर में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके बन जाने से न केवल जशपुर बल्कि आसपास के ग्रामीण अंचलों की माताओं, बहनों और बच्चों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को समय पर उपचार और देखभाल मिल सकेगी। उन्होंने अधिकारियों व निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि कार्य की गुणवत्ता में कोई समझौता न हो और निर्धारित समय सीमा में अस्पताल का निर्माण पूरा किया जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। क्षेत्रवासियों ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री श्री साय का आभार व्यक्त किया और कहा कि अब मरीजों को इलाज के लिए दूर दराज नहीं जाना पड़ेगा। *स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में बढ़ता जशपुर* मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में लगातार स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हो रहा है। हाल के वर्षों में अनेक योजनाओं को मूर्त रूप दिया गया है। जिले को 220 बिस्तर का आधुनिक अस्पताल मिल चुका है, वहीं 35 करोड़ की लागत से कल्याण आश्रम में अत्याधुनिक अस्पताल का निर्माण हो रहा है। आधा दर्जन नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्वीकृति दी गई है, 11 अतिरिक्त एम्बुलेंस और 2 शव वाहन की व्यवस्था भी की गई है। मातृ-शिशु देखभाल को प्राथमिकता देते हुए नए अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण कार्य तेज़ी से शुरू किया गया है। इन पहलों से आने वाले समय में जिले के आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा और जशपुर स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में प्रदेश का अग्रणी जिला बनकर उभरेगा।

हाथी के हमले में महिला की मौत,ग्रामीणों ने वन विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

IMG 20250920 WA0003

हाथी के हमले में महिला की मौत, ग्रामीणों ने वन विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप जशपुर जिले में जंगली हाथियों और इंसानों के बीच संघर्ष कम करने के दावों के बीच एक बुरी खबर आई है,जिसमें जंगली मशरूम बीन रही महिला एक जंगली हाथी की चपेट में आ गई।ग्रामीणों के शोरगुल से जंगली हाथी ने महिला को बुरी तरह घायल कर दिया।स्थानीय ग्रामीणों और वन विभाग की मदद से घायल को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। जशपुर,20 सितंबर 2025 – कुनकुरी विकासखंड के कुड़ुकेला जंगलपारा में हाथी के हमले से एक महिला की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार 44 वर्षीय ग्रामीण महिला ज्योति मिंज शुक्रवार की सुबह जंगल से खुखड़ी (जंगली मशरुम) बीनकर लौट रही थी। घर से महज 200 मीटर दूर जंगल की सीमा पर हाथी ने उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल हालत में उसे तत्काल कुनकुरी के होलीक्रॉस अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।   घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है। उनका आरोप है कि क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी की जानकारी होने के बावजूद वन विभाग की ओर से मुनादी नहीं कराई गई और न ही लोगों को सावधान किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ है। वहीं वन विभाग के अधिकारी कह रहे हैं कि हाथियों के विचरण को लेकर विभिन्न संचार माध्यमों से लोगों को अलर्ट किया जा रहा है।लोग जंगल में जाते समय लापरवाही कर रहे हैं।घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने हाथियों की लगातार आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखने और लोगों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।